सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बरायचखेरा गांव में शनिवार की दोपहर एक ही परिवार के तीन लोगों ने मिलकर छेड़छाड़ के आरोपी युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। युवक को जब पिता और दो बेटों ने गोली मारी उस दौरान पुलिस इनके घर पर पीड़िता के बयान दर्ज कर रही थी। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपी सहित तीन पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बरायचखेरा गांव का अर्जुन पिता सुंदर यादव उम्र 22 वर्ष शनिवार की दोपहर अपने घर से मंदिर की ओर जा रहा था। इस दौरान गांव के तीन लोगों ने मिलकर उसे राेकते हुए गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक को गांव में पहले से मौजूद पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए थाने पहुंचाया। घायल के बयान पर पुलिस ने आरोपी सहित उसके दो बेटों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहंुचाया। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सुनील चौरसिया ने युवक का इलाज करते हुए ट्रामा वार्ड में भर्ती करा दिया। डॉक्टर ने बताया कि युवक के बाएं हाथ को चीरते हुए गोली निकल गई है। उसकी हालत में पहले से सुधार है। टीआई जीतेंद्र वर्मा ने बताया कि पिछले दिनों बरायचखेरा गांव की महिला की शिकायत पर अर्जुन यादव पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। शनिवार की दोपहर हाथ में गोली लगने से घायल अर्जुन की शिकायत पर महिला के तीन परिजनों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस एक-दूसरे से जुड़े दोनों मामलों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस गोली मरने वाले तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़िता के बयान दर्ज करने के दौरान हुई घटना
गुरुवार की देर रात गांव में हुई छेड़छाड़ की घटना के मामले में कोतवाली पुलिस शनिवार की दोपहर पीड़ित महिला के बयान दर्ज करने के लिए गांव पहुंची। पुलिस महिला से उसके घर पर पूछताछ कर ही रही थी कि ग्रामीणों ने सूचना दी कि इस मामले के आरोपी अर्जुन पर गोली चल गई है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो गांव के मंदिर के पास युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत अपने वाहन पर घायल को रखा और थाने लाकर बयान लेते हुए हुए महिला के परिवार के तीन लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।
7 मई को पुलिस ने युवक पर किया थाछेड़छाड़ का मामला दर्ज
सिटी कोतवाली पुलिस ने बरायाचखेरा गांव की पीड़िता की शिकायत पर गोली लगने से घायल अर्जुन यादव पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज किया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 7 मई की देर रात 10 बजे युवक आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोप युवक पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी। वहीं छेड़छाड़ के आरोपी युवक ने बताया कि महिला और उसकी बहन उसे आए दिन अपने घर पर बुलाती हैं। इस बात की जानकारी लगने पर महिला का पति सहित परिवार के चार लाेग जबरन 7 मई की देर रात घर की ओर जाने के दौरान पकड़कर ले गए और छेड़छाड़ का मामला दर्ज करा दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bmbtCC
via IFTTT
