पडोरा से गोरा व खोड होते हुए पिछोर तक 65 किमी की सड़क तीन साल से खुदी पड़ी है। पिछोर से पडाेरा तक एक घंटे के सफर में तीन घंटे का समय लग रहा है। गर्मियों में सड़क पर उड़ती धूल से लोग परेशान रहे। अब बरसात हो जाने से सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। बीच सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से लोगों का चलना मुश्किल हो रहा है। कुछ यही हाल सिंहनिवास-खुरई रोड, करैरा-भितरवार रोड और पिछोर-बसई रोड का है।
मप्र सड़क विकास निगम लिमिटेड (एमपीआरडीसी) ने एक पैकेज में शामिल चार सड़कों का काम जीडीसीएल (गननो डंकर्ली एंड कंपनी लिमिटेड मुंबई) को तीन साल पहले दिया था। चारों सड़कों का काम दो साल में पूरा करना था। एक साल अतिरिक्त बीत जाने के बाद भी खुदी पड़ी सड़कों पर डामरीकरण नहीं हो पाया है। पुल व पुलियां भी अधूरी हैं। अब बरसात शुरू हो जाने से कीचड़ की वजह से सड़कों पर बाइक या कार लेकर चलना मुश्किल हो रहा है। एमपीआरडीसी द्वारा 19 अप्रैल 2017 को एग्रीमेंट कर जीडीसीएल को चारों सड़कें दो साल के भीतर बनाने का ठेका दिया था यानी 17 मई 2019 तक सड़कों का काम पूरा करके देना था। चारों सड़कों की कुल लंबाई 145.3 किमी है। चारों ही सड़कें अधूरी हैं। सड़क निर्माण की कुल लागत 262.60 कराेड़ है। समय सीमा में काम नहीं कर पाने की वजह से एमपीआरडीसी ने जीडीसीएल को लॉक डाउन से पहले 20 मार्च 2020 को टर्मिनेट कर दिया है।
चारों सड़कों के फिर से टेंडर होंगे, बरसात के पूरे सीजन में परेशानी होगी
चारों सड़कों के निर्माण के लिए फिर से टेंडर प्रक्रिया की कार्रवाई शासन स्तर पर चल रही है। अब दूसरे ठेकेदार से सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ऐसे में बरसात का पूरा सीजन परेशानी के बीच निकालना होगा। सड़कें नहीं बनने से जनता परेशान हो रही है। इस मामले में जनता लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई की मांग कर रही है।
ठेकेदार ने कहा- 50 करोड़ भुगतान लिया एमपीआरडीसी अफसर बोले- 16 करोड़ दिए
चारों सड़कों के निर्माण के एवज में एमपीआरडीसी के अधिकारी लगभग 16 करोड़ रुपए का भुगतान होने की बात कह रहे हैं जबकि जीडीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि सात बिलों का करीब 50 करोड़ रुपए का भुगतान हम एमपीआरडीसी से ले चुके हैं। दोनाें के बयान में विरोधाभास है। सूत्रों के अनुसार ठेकेदार को जरूरत से ज्यादा भुगतान कर दिया है जबकि मौके पर उतना काम नहीं हुआ है।
विधायक सफेद गिट्टी बिछाने पर लगा चुके हैं आपत्ति
सिंहनिवास से खुरई रोड पर सफेद गिट्टी बिछा दी गई। मामले में पोहरी से विधायक रहे सुरेश धाकड़ ने विधानसभा में मामला उछाल दिया। इसके बाद सड़क निर्माण विवादों में पड़ गया। विभाग ने गिट्टी का गलत तरीके से इस्तेमाल होना स्वीकार किया।
पेटी ठेकेदारों का भी भुगतान अटका
जीडीसीएल द्वारा सड़कों का निर्माण पेटी कौन ट्रैक्टरों के माध्यम से कराया जा रहा था। अभी तक जो अर्थ वर्क हुआ है, उसका पेटी कान्ट्रैक्ट को भुगतान नहीं किया गया है। जबकि ठेकेदार एमपी आरडीसी से तकरीबन 50 करोड़ का भुगतान ले चुका है।
करीब 50 करोड़ का भुगतान ले चुके
लॉकडाउन की वजह से सारे काम बंद थे। कंपनी को 20 मार्च को टर्मिनेट कर दिया गया है। सड़क निर्माण के लिए कुछ समय और मांग रहे हैं। एमपीआरडीसी द्वारा कंपनी को सात बिलों का करीब 50 करोड़ का भुगतान हो चुका है।
आरके शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर, जीडीसीएल
काम पूरा नहीं होने पर कंपनी को टर्मिनेट किया
जीडीसीएल को चार सड़कों का काम दिया गया था। दो साल में काम पूरा नहीं हुआ, इसलिए कंपनी को टर्मिनेट कर दिया है। काम के एवज में कंपनी को करीब 16 करोड़ रुपए का भुगतान जारी हुआ है। अब नए टेंडर होंगे।
राजीव श्रीवास्तव, एजीएम, एमपीआरडीसी ग्वालियर
पैकेज में शामिल चारों सड़कों की लंबाई व कुल लागत
- पडोरा-गोरा पिछोर रोड 65 किमी
- सिंहनिवास-खुरई रोड 36.8 किमी
- करैरा-भितरवार रोड 31.5 किमी
- पिछोर-बसई रोड 8 किमी
- कुल लंबाई 145.3 किलोमीटर
- कुल लागत 262.60 करोड़ रुपए
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AL8LKC
via IFTTT
