शहर में सक्रमण न फैले इसके लिए कोरोना वॉरियर्स भी सजग हैं। एक मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति में कोरोना के लक्षण होने पर 5 कोरोना वॉरियर्स ने उस पर 24 घंटे नजर रखी। हेल्पलाइन 104, सीएमएचओ, एसडीएम, एडिशनल एसपी, गौतम नगर टीआई को फोन किया, लेकिन मदद नहीं मिली।
अफसर यह कहते हुए पल्ला झाड़ते रहे कि मानसिक रोगी को क्वारेंटाइन में रखने कोई जगह नहीं है। काफी जद्दोजहद के बाद उस व्यक्ति को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। चिनार पार्क कॉम्प्लेक्स के लोगों ने जीवन सार्थक स्वयं सेवी संस्था को सूचना दी कि एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा खाना खा रहा है। जब वॉरियर्स आयुष मिश्रा, लकी नेगी, उमेश तिवारी, रोहित मेहरा और शुभम उसे खाना देने पहुंचे तो देखा कि व्यक्ति न केवल मानसिक विक्षिप्त है, बल्कि उसे सर्दी-खांसी भी है।
24 घंटे रखी नजर, 5 कोरोना वॉरियर्स ने पहुंचा ही दिया अस्पताल
संस्था के सदस्यों ने बताया कि जब उस व्यक्ति से नाम पूछा तो उसने सूरज बताया। इससे ज्यादा वह कुछ नहीं बोला। हम उस पर 24 घंटे नजर रखे रहे।
चिनार पार्क कॉम्प्लेक्स के यहां बैठा संदिग्ध व्यक्ति
नहीं मानी हार... इन वॉरियर्स ने जब रविवार को कुछ नहीं हुआ तो सोमवार को संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव से शिकायत की। संभागायुक्त ने एसडीएम मनीषा उपाध्याय को मामले का निराकरण करने के आदेश दिए। शाम तक कुछ नहीं हुआ। उल्टे कह दिया कि मानिसक रोगी को क्वारेंटाइन करने के लिए उनके पास कोई स्थान ही नहीं है। शाम 5 बजे उस व्यक्ति को 108 एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।
निर्देश पर निर्देश... तब कराया भर्ती
- कल्पना श्रीवास्तव, संभागायुक्त के मुताबिक, हेल्पलाइन 104 पर शिकायत दर्ज कर ली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मनीष उपाध्याय को निर्देश दे दिए हैं। वे पूरे प्रकरण को देखेंगे।
- मनीष उपाध्याय, एसडीएम के मुताबिक, हमारे पास मानसिक रोगी को क्वारेंटाइन करने के लिए जगह नहीं है। वैसे टीआई गौतम नगर को बोल दिया था।
- मनु व्यास, एडीशनल एसपी के मुताबिक, हमने तत्काल थाना गौतम नगर टीआई को निर्देश दे दिए थे कि व्यक्ति को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाएं।
- महेंद्र मिश्रा, टीआई गौतम नगर के मुताबिक, निर्देश पर हमने 108 एंबुलेस से व्यक्ति को हमीदिया पहुंचा दिया है। उसे भर्ती कर लिया गया।
- प्रभाकर तिवारी, सीएमएचओ, भोपाल के मुताबिक, उस व्यक्ति को हमीदिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। कोरोना से संबंधित सारी जांचें की जा रही हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yqnPMl
via IFTTT
