लॉकडाउन में कंपनियां अपने कर्मचारियों को परेशान करने लगी है। उन्हें वेतन और रहने खाने को नहीं दिया जा रहा है। जिससे कर्मचारी परेशान होकर पैदल ही अपने घरों की ओर निकल रहे हैं। सोमवार को छकतला से 17 कर्मचारी पैदल आलीराजपुर पहुंचे। यहां उन्हें मदद नहीं मिली। इस संबंध में 4 मई के अंक में भास्कर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। जिसके बाद प्रशासन जागा और कर्मचारियों की व्यवस्था कराई।
नायब तहसीलदार शंशाक दुबे ने बताया जो भी व्यक्ति घर जाना चाहा चाहता है। उसे भिजवाने के लिए हम पूरी कोशिश कर रहे हैं। उनके भोजन आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन इसके लिए मुस्तैदी से काम कर रहा है। लेकिन प्राथमिकता उन मजदूरों की है जिनसे रोजगार छिन गया है और वे फंसे हुए हैं। छकतला से जो लोग आए थे वे कंपनी में काम करने वाले मजदूर है।
उन सभी से हमने परेशानी पूछी और कंपनी के लोगों को भी बुलवाया। कंपनी को निर्देशित किया है कि वे कर्मचारियों की रहने की व्यवस्था करें और उन्हें समय पर वेतन दें। बसों का इंतजाम होने पर उन्हें अपने घर पहुंचा दिया जाएगा। इस काम में कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो उसपर भी कार्रवाई करेंगे।
काफी दिनों से घर नहीं गए इसलिए भी भाग रहे कर्मचारी
छकतला से मंगलवार सुबह करीब 17 मजदूर पैदल चलकर आलीराजपुर पहुंचे। ये कर्मचारी भी इसी कंपनी के थे। कर्मचारियों ने बताया कि हम काफी दिनों से फंसे हुए हैं। इसलिए अपने घर जाना चाहते हैं। कंपनी के लोगों ने इस संबंध में कहा कि सभी को समय पर वेतन भी दे रहे हैं। सबके पास ठहरने की व्यवस्था है उसके बाद भी कोई यहां टिकना नहीं चाहता है।
फंसे मजदूरों को घर तक लाने के लिए विधायक ने मांगी 20 बसों को अनुमति
आलीराजपुर | विधानसभा क्षेत्र के हजारों आदिवासी मजदूर गुजरात के विभिन्न जिलों में फंसे हैं। हमारी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने निर्णय लिया है कि फंसे प्रवासी मजदूरों को पार्टी अपने स्वयं के खर्चे से श्रमिक रेल द्वारा अपने घर पहुंचाएगी। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा लिए निर्णय से प्रभावित होकर मेरे क्षेत्र के मजदूर जो गुजरात के विभिन्न जिलों में फंसे हैं, उन्हें मेरे स्वयं के खर्च से पैसेंजर बसों से लाना चाहता हूं। ये बात विधायक मुकेश पटेल ने मंगलवार को कलेक्टर सुरभि गुप्ता को पत्र लिखकर कही। उन्होंने पत्र के साथ 20 पैसेंजर बसों की रजिस्ट्रेशन नंबर सहित सूची भी सौंपी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ca8iz4
via IFTTT
