सेल्फ स्टार्ट नहीं होने पर ट्रक मालिक ट्रक के नीचे घुसकर उसे टामी मारकर ठीक करने लगा। इस दौरान ट्रक चालू हो गया और पहिया मुंह पर चढ़ने से मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर से मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया। मामले की जांच की जा रही है। घटना मंगलवार दोपहर की है।
जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय अज्जू पिता कय्यूम घड़ीवाले निवासी मेघनगर ट्रक (जीजे 20 यू-4588) में सीमेंट भरकर ड्राइवर के साथ जोबट जा रहा था। इस दौरान आंबुआ में वे अपने चाचा के यहां रुके। यहां से जाते समय ट्रक चालू करने के लिए सेल्फ लिया लेकिन ट्रक चालू नहीं हुआ। इस पर अज्जू ट्रक के नीचे सेल्फ को टामी से ठीक करने लगा। इसी बीच ट्रक अचानक चालू हो गया और पहिया अज्जू के मुंह पर चढ़ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना इंदिरा आवास निवासी उसके रिश्तेदार औरमृतक अज्जू के चाचा इमामुद्दीन ने थाने पर दी। थाना प्रभारी विकास कपीस, आरक्षक आरामसिंह, अजय तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे एवं पंचनामा बनाकर मर्ग कायम किया। अज्जू के शव को जिला अस्पताल पीएम के लिए भेजा।
मां ने मना किया फिर भी रोजा रखकर निकला था
अज्जू रमजान का रोजा रखकर सफर पर निकला था। सफर पर रवाना होने से पहले मां ने उसे रोजा रखकर निकलने से इंकार किया था। लेकिन मां की बात को दरकिनार करते हुए रमजान के अहम फर्ज अदा करते हुए रोजा रखकर अपने ट्रक के साथ अज्जू आलीराजपुर की ओर निकला। रिश्तेदारों ने कहा कि बदकिस्मती से अज्जू अजान की आवाज भी नहीं सुन सका और रोजे में वह अल्लाह को प्यारा हो गया। रमजान के महीने में रोजे की हालत में अज्जू की दर्दनाक मौत नगरवासियों के लिए दुख का सबब बन गई। रिश्तेदारों ने बताया अज्जू की शादी और सगाई तय हो चुकी थी। जो लॉकडाउन के कारण कैंसिल हो गई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fppym8
via IFTTT
