महाकाल पब्लिक प्लाजा, फेसिलिटी सेंटर-2, मल्टी लेवल पार्किंग, सीवरेज प्रोजेक्ट के काम जल्दी ही शुरू हो जाएंगे। कलेक्टर ने उन सरकारी निर्माण कार्य चालू करने की अनुमति दे दी है, जो बंद परिसर में हो सकते हैं। ठेकेदारों को श्रमिकों के लिए निर्माण स्थल पर ही रहने की व्यवस्था करना होगी। हालांकि सड़क निर्माण, सीवरेज, पेयजल पाइप लाइन जैसे काम भी शुरू होंगे जो खुले में ही करना होंगे। ठेकेदारों को श्रमिकों को लाने ले जाने और संक्रमण से बचाव के सभी उपाय करने होंगे।
महाकाल क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के 100 करोड़ के काम चल रहे हैं। इसमें महाकाल-रुद्रसागर प्रोजेक्ट प्रमुख है। यहां पब्लिक प्लाजा, कमल ताल, प्रवेश द्वार, कॉरिडोर और रुद्रसागर के घाट का काम चल रहा था जो लॉकडाउन में बंद हैं। इसके अलावा मल्टी लेवल पार्किंग का काम चालू होना है। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के माध्यम से यूडीए द्वारा फेसिलिटी सेंटर-2 और महाकाल शिखर दर्शन चौक का निर्माण चालू किया गया था। शहर में सीवरेज प्लान में पाइप लाइन डालने व सड़क बनाने के काम भी चालू किए गए थे। पीएचई द्वारा पाइप लाइनों के काम भी चलाए जा रहे थे। ये सभी बड़े निर्माण कार्य हैं।
यूडीए की कॉलोनियों में भी निर्माण शुरू होंगे
इधर वार्डों में नगर निगम के सभी काम बंद हैं। वार्डों में सड़क, नाली-गटर, उद्यान और अन्य निर्माण कार्य चालू करने के लिए निगम ने प्लान तैयार किया है। निगम उन वार्डों में काम शुरू करना चाहता है जहां कोरोना का संक्रमण नहीं है। ऐसे ग्रीन वार्डों में काम शुरू किए जा सकते हैं। यूडीए की कॉलोनियों में भी निर्माण कार्यों की शुरुआत हो सकेगी। कलेक्टर सिंह ने बताया सभी शर्तों का पालन करते हुए सरकारी निर्माण कार्य कराए जा सकेंगे। स्मार्ट सिटी सीईओ प्रदीप जैन के अनुसार बंद परिसर वाले निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से शुरू कराएंगे। इनमें पब्लिक प्लाजा, नूतन व गणेश नगर स्कूल परिसर, मल्टी लेवल पार्किंग के काम प्रमुख है।
श्रमिकों में सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क जरूरी
निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग से काम लिया जाएगा। श्रमिकों व अन्य कर्मचारियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। उनके लिए सैनिटाइजर, हाथ धोने का साबून, हैंड वाश की व्यवस्था भी करना होगी।
श्रमिक निर्माण स्थल पर ही रहेंगे जहां उनके भोजन आदि का प्रबंध करना होगा। श्रमिकों को लाने ले जाने की व्यवस्था में वाहन को भी हर शिफ्ट में सैनिटाइजर करना व वाहन में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठाना होगा।
भोजन करने के दौरान भी श्रमिक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे।
निर्माण के लिए निर्माण सामग्री कार्य स्थल तक पहुंचाने की अनुमति है।
निर्माण स्थल पर पास के अस्पताल की जानकारी अंकित करना होगी। यदि कोई बीमार होता है तो तुरंत इसकी जानकारी देना होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36nxD6J
via IFTTT
