दूसरे शहरों व राज्यों से ई-पास के जरिए आम लोग और सरकारी मदद से मजदूरों का यहां आना लगातार जारी है। ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने क्वारंटाइन सेंटरों की क्षमता बढ़ाने का प्लान तैयार किया है। अभी चार सेंटर जनता परिसर, स्वामीजी की कुटिया, कृषक प्रशिक्षण केंद्र व रिंगनोद छात्रावास मिलाकर 375 लोगों को रोकने की व्यवस्था है। अब 200 लोगों की क्षमता और बढ़ाएंगे। इसके लिए खाचरौद नाका क्षेत्र में दो धर्मशाला एवं मॉडल स्कूल को अधिग्रहण करने की तैयारी शुरू हो गई है।
एसडीएम राहुल धोटे ने बताया खासकर हाई रिस्क जोन जैसे इंदौर, भोपाल, उज्जैन, अहमदाबाद जैसे शहरों से आने वाले लोगों को घर भेजने की बजाय क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। इसकी शुरुआत कर दी है हालांकि ये बाहर से आने वाले व्यक्ति की परिस्थिति पर निर्भर करेगा। यदि किसी के घर में बुजुर्ग हैं या छोटे बच्चे हैं और बाहर से आने वाले व्यक्ति के घर में अकेले सुरक्षित रहने की व्यवस्था नहीं है तो ऐसे लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। जो पूरी जिम्मेदारी के साथ होम क्वारंटाइन रह सकता है, उसे ही घर भेजेंगे लेकिन प्रशासनिक अमला यह देखेगा कि क्या वास्तव में वह होम क्वारंटाइन रह सकता है और उसके घर ऐसी व्यवस्था है। साथ ही मॉनीटरिंग में जो व्यक्ति होम क्वारंटाइन की शर्तों का उल्लंघन करेगा, उन्हें भी प्रशासन सरकारी क्वारंटाइन सेंटरों में ले जाएगा। अभी ऐसे करीब 50 से अधिक लोग इंस्टिट्यूशन क्वारंटाइन सेंटरों में हैं। बीएमओ डॉ. दीपक पालडि़या ने बताया अहमदाबाद से आ रहे ज्यादातर लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखना शुरू कर दिया है। रविवार को ही 11 लोगों को क्वारंटाइन किया।
संदिग्ध लक्षणों वाली महिला रतलाम रेफर, परिवारके 10 सदस्यों को जनता परिसर में क्वारंटाइन किया
थाना रोड निवासी 55 वर्षीय महिला 12 मई को प्रतापगढ़ से आई थी। उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने से परिजन ने शनिवार देरशाम सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया था। बीएमओ डॉ. पालडि़या ने बताया महिला को सर्दी, खांसी, बुखार व सांस लेने में परेशानी है तथा ट्रेवल हिस्ट्री भी है। इसलिए संदिग्ध मानते हुए रतलाम रेफर कर दिया तथा परिवार के 10 सदस्यों को जनता परिसर में क्वारंटाइन किया है। इधर 18 अप्रेल से पेंडिंग चल रहे 5 में से 3 सेम्पल रविवार को रिजेक्ट हो गए जबकि 2 की रिपोर्ट आना बाकी है। जलेबी व्यापारी मनीष शर्मा के परिवार के 5 सदस्यों की रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है लेकिन पुष्टि के लिए दस्तावेज के रूप में रिपोर्ट आने का इंतजार है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Xk5A4b
via IFTTT
