नगर में संचालित कॉक्स डिस्टलरी देसी शराब फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। इस आगजनी में फैक्ट्री में करोड़ों की मशीनरी, कच्चा और तैयार माल जलकर खाक हो गया। कंपनी को करीब साढ़े 3 करोड़ का आर्थिक नुकसान हुआ है।
शुक्रवार अल सुबह करीब 4 बजे नगर के जैगपिन बेबरीज शराब फैक्ट्री के देसी शराब प्लांट कॉक्स डिस्टलरी परिसर में अचानक आग लग गई, यह आग तेजी से पूरी फैक्ट्री में फैल गई। आग भड़कने पर वहां के सिक्योरिटी गार्ड ने फैक्ट्री के एमडी को सूचित किया। एमडी की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की देर रात शराब फैक्ट्री में काम बंद होने के बाद सारे वर्कर अपने-अपने घर चले गए। फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड विक्रम सिंह सेंगर ड्यूटी पर तैनात था। सेंगर को सुबह 4 बजे फैक्ट्री के अंदर आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सिक्योरिटी गार्ड सेंगर ने कंपनी के एमडी निखिल अग्रवाल को सूचना दी। एमडी निखिल अग्रवाल ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस मामले में नौगांव टीआई संजय वेदिया का कहना है कि बीमा सहित सभी एंगलों को शामिल कर जांच की जाएगी।
आगजनी में करोड़ों काहुआ नुकसान
कंपनी के एमडी निखिल अग्रवाल ने बताया कि इस आगजनी में मशीनरी जलकर खराब हो गई। शराब का कच्चा एवं तैयार माल जलकर खाक हो गया। उन्होंने बताया कि कच्चा माल कितने का था, यह रजिस्टर देखने के बाद ही पता चलेगा। वहीं तैयार माल की कीमत आबकारी विभाग तय करेगा। इसके अलावा फैक्ट्री का टीम शैड आदि भी जल गया। इस प्रकार एमडी निखिल अग्रवाल के बताए अनुसार करीब साढ़े 3 करोड़ का नुकसान आगजनी से हुआ है।
पुलिस और आबकारी विभाग जांच में जुटे
इस आगजनी की सूचना मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई एवं आग बुझाने के लिए मशक्कत की। वहीं आबकारी विभाग के अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस और आबकारी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आगजनी से हुए नुकसान की पड़ताल शुरू कर दी। वहीं पुलिस इस आगजनी की वजह का पता लगाने में जुट गई है।
आगजनी की घटना परअफवाहों का बाजार गर्म
डिस्टलरी फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना को लेकर नगर में अफवाहों का बाजार गर्म है। लोग घटना को संदेह की नजर से देख रहे हैं। चर्चाएं हैं कि फैक्ट्री मालिक के द्वारा आगामी दिनों में नई फैक्ट्री का कार्य शुरू कराने की बात की जाती रही है। जिसके चलते वर्तमान फैक्ट्री में आगजनी की घटना से बीमा राशि को हथियाने का षड़यंत्र बताया जा रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग इस घटना की तह तक जाने के लिए जांच में लगे हुए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37qB9h7
via IFTTT
