कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपलिया के किसान के साथ मारपीट कर चुराया ट्रैक्टर शुक्रवार सुबह कालवा गांव के जंगल क्षेत्र में लावारिस पड़ा मिला। ट्रैक्टर की हालत इतनी खराब थी कि ट्रैक्टर मालिक भी उसे एक बार में पहचान नहीं पाया। पहिए से लेकर ड्राइवर सीट तक सब टूटा-फूटा था। बहरहाल ट्रैक्टर मिलने से पुलिस का कुछ दबाव तो कम हुआ पर ट्रैक्टर के साथ चोरी गई भैंसों का अब तक पता नहीं चला।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली की बदमाशों द्वारा ट्रैक्टर को बेरछा क्षेत्र से बाहर किया जा रहा है। इस पर बेरछा पुलिस ने मुखबिरों की मदद से पड़ताल शुरू कर दी। सुबह करीब 8 बजे सुल्तानपुरा फाटे के पास के पास लावारिस अवस्था में ट्रैक्टर मिला। इसके बाद शाजापुर कोतवाली थाने टीआई अजीत तिवारी ने टीम को मौके पर रवाना कर दिया। इसमें एसआई सौरभ शर्मा, यूएस रघुवंशी, आरक्षक प्रदीप सिकरवार, बंटी सहित तीन-चार आरक्षक शामिल थे। इधर साइबर सेल टीम और बेरछा थाने के आरक्षक राजेश पटेल और सुनील, अनिल भी मौके पर पहुंच गए। आसपास सर्चिंग करने के बाद भी बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
पहले भी हुई भैंस चोरी की वारदातें
मवेशियों और चोरी की वारदात जिले में हर साल सामने आ रही है। 4 जुलाई 2019 को मुरादपुरा रोड स्थित डेयरी फार्म हाउस से बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर वारदात की थी। इस डेयरी फार्म पर 2018 में भी ऐसी ही वारदात हुई थी।
ट्रैक्टर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने बेरछा पुलिस की मदद से आरोपियों की पहचान की कार्रवाई भी तेज कर दी। एक अधिकारी के अनुसार पुलिस को क्षेत्र के करीब 5 से अधिक बदमाशों की नामजद पहचान हुई है, जो किसान के साथ मारपीट और चोरी की वारदात में शामिल हो सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AwIrDV
via IFTTT
