नगर निगम की गाड़ियों में होने वाली डीजल चोरी रोकने के लिए गाड़ियों में रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस (आरएफआईडी) तकनीक का इस्तेमाल होगा। आरएफआईडी का टैग लगाने के बाद निगम की गाड़ियों के टैंक का ढक्कन पंप की नोजल से ही खुलेगा। नई व्यवस्था लागू करने के लिए निगम ने इंडियन ऑयल कंपनी से करार किया है।
इंडियन ऑयल कंपनी राजधानी में चार स्थानों पर नगर निगम के वाहनों के लिए डीजल पंप खोलेगा। बैरागढ़, आरिफ नगर, दानापानी और कोकता में निगम के कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर इसके लिए जमीन आवंटित की जा रही है। इन सभी पंप को इंडियन ऑयल कंपनी ही संचालित करेगी। इसका एक फायदा यह होगा कि वाहनों को डीजल लेने के लिए माता मंदिर तक नहीं आना पड़ेगा। इससे डीजल की बचत होगी। कंपनी निगम को बाजार रेट से करीब पांच रुपए प्रति लीटर कम रेट पर डीजल सप्लाई करेगी।
निगम को सालभर में 15 करोड़ की बचत
कंपनी निगम को बाजार रेट से करीब पांच रुपए प्रति लीटर कम रेट पर डीजल सप्लाई करेगी। अनुमान लगाया गया है कि नई व्यवस्था से निगम को साल भर में करीब 10 से 15 करोड़ रुपए की बचत होगी। नगर निगम साल भर में करीब 50 करोड़ रुपए का डीजल खरीदता है। इसके साथ ही निगम के वाहनों में आरएफआईडी तकनीक का खर्च भी इंडियन ऑयल ही वहन करेगा।
आरएफआईडी से रुकेगी डीजल चोरी
वर्कशाप प्रभारी बृजराज सिंह सेंगर ने कहा कि आरएफआईडी तकनीक का इस्तेमाल करने से टैंक का ढक्कन नोजल से ही खुलेगा। यदि कोई व्यक्ति ढक्कन में छेड़छाड़ कर उसे खोलने की कोशिश करेगा तो अफसरों के मोबाइल पर मैसेज पहुंच जाएगा।
माता मंदिर का पंप भारत पेट्रोलियम के हवाले
नगर निगम का माता मंदिर स्थित मौजूदा डीजल पंप भी अब निगम संचालित नहीं करेगा। 16 अगस्त से भारत पेट्रोलियम संचालित करेगा और नगर निगम भारत पेट्रोलियम को टैंकर की बजाय नोजल से निकलने वाले डीजल के आधार पर ही भुगतान करेगा।
ढक्कन खोलकर चोरी करने की स्टाइल पुरानी हो गई
तकनीकी रूप से पहली नजर में आरएफआईडी एक बेहतर टेक्नोलाॅजी लगती है। लेकिन यह फुल प्रूफ नहीं है। ढक्कन खोलकर वाहन से चोरी करने की स्टाइल तो पुरानी हो गई है। गाड़ियों में आजकल इलेक्ट्रॉनिक इग्निशन होता है। इग्निशन ऑन करके इंजिन स्टार्ट किए बिना बोनट के अंदर रखकर कुप्पी भरी जा सकती है। - आरके मंडलोई, ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3izVG7o
via IFTTT
