इंदौर से भागे कोरोना पॉजिटिव संक्रमित लोगों ने म्याना के ढाबे पर खाना खाया था। मुरैना बार्डर पर उक्त लोगों के पकड़े जाने पर जब उनकी ट्रेवल हिस्ट्री निकाली गई तो गुना जिले के म्याना में स्थित दद्दू ढाबे पर उक्त लोगों ने खाना खाया था। चूंकि म्याना से जिले की सीमा मात्र 7 किमी दूर है। वहीं जिस ढाबे पर संदिग्ध लोगों ने खाना खाया उस ढाबे के मालिक की जिले के मरनाखिरिया गांव के युवक ने जाकर सेविंग और कटिंग की। यह जानकारी लगते ही नईसराय को दो दिन के लिए टाेटल लॉकडाउन करने के बाद दोनों जिले की सीमा पर सख्ती बढ़ाई गई है।
जानकारी के मुताबिक जिस दद्दू ढाबे पर कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने खाना खाया था उस ढाबा मालिक को क्वारेंटाइन पर रखते हुए सैम्पल गुना प्रशासन ने जांच के लिए भिजवाए हैं। इसी बीच जिले में जब यह जानकारी लगी तो सावधानी बरतना शुरू हो गया लेकिन जब पुलिस और प्रशासन को मालूम हुआ कि ढाबे पर जिले के मरनाखिरिया निवासी सैलून का काम करने वाले गोलू सेन के संबंधित ढाबे पर पहुंचकर ढाबा मालिक की कटिंग और सेविंग करने की जानकारी लगी तो नईसराय में तत्काल प्रशासन ने संपूर्ण लॉकडाउन कर दिया। सभी दुकानों को बंद करवाते हुए जिले की सीमाएं सील कर दी। सुबह से ही थाना प्रभारी डीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया और नायक तहसीलदार अरविंद दिवाकर ने एसडीएम के अनुपालन में आदेश जारी करते हुए पूरी तहसील को 19 से 21 अप्रैल की रात 12 बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन घोषित कर दिया। वहीं गोलू सेन को नईसराय के स्कूल में क्वारेंटाइन पर रखा गया है।
डुंगासरा, मिनख्याई और तिन्सयाई गांवों के 30 परिवारों को किया गया क्वारेंटाइन
नईसराय तहसीलदार अरविंद दिवाकर ने बताया कि दद्दू ढाबा म्याना पर तहसील के डुंगासरा गांव का एक व्यक्ति दूध देने जाता था। यह दूध वाला कोरोना संक्रमित ट्रक ड्राइवर के संपर्क में आया था। इस पर उसे गुना भेजकर सैंपल लिया गया। दूधवाले के संपर्क में आने वाले डुंगासरा, मिनख्याई, तिन्सयाई के करीब 30 से अधिक परिवारों को क्वारेंटाइन किया गया। वहीं ढाबे पर कटिंग करने गए युवक ने 17 अप्रैल को मिनख्याई गांव में 10 लोगों की कटिंग की थी। इन लोगों को भी नईसराय अस्पताल भेजा गया है।
एसपी ने नईसराय की सीामा पर पहुंचकर किया निरीक्षण
सुबह मामले की जानकारी लगने पर एसपी रघुवंश भदौरिया ने नईसराय सीमा पर पहुंचकर वहां की स्थिति को देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पैदल आने जाने वालों को पकड़कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इधर उक्त जानकारी लगने पर अन्य लोग भी दहशत में आ गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VjMR8Y
via IFTTT
