कृषि उपज मंडी के सामने रहने वाले पति-पत्नी के विवाद में अवैध हथियार सहित नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। दरअसल मीडिया से जुड़े होने का दावा करने वाली महिला रविवार देर रात अपने बच्चों को लेकर कोतवाली थाने पहुंची। यहां उसने टीआई अजीत तिवारी को अवैध हथियार और कारतूस के फोटो दिखाते हुए अपनी और बच्चे की जान को खतरा बताया। पुलिस ने दबिश देकर अगले ही दिन युवक को दो कारतूस और देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी के पीछे रेलवे अंडरब्रिज के पास रहने वाले विजय शर्मा को पत्नी ममता के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। महिला ने बताया कि उसका पति पिछले आठ दिनों से बच्चों और मुझे जान से मारने की धमकी दे रहा था। ऐसे में वह रविवार को थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले से अवगत करा दिया। महिला ने अपने ही पति पर गैर कानूनी धंधों के कई गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विजय पिछले 15 साल से गांजा सहित शराब और बाइक चोरी की वारदातों में भी लिप्त है। इधर, मामले की जांच कर रही एसआई प्रेमलता खत्री ने बताया कि आरोपी के घर पर दबिश के दौरान देशी कट्टा और कारतूस जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
महिला ने मीडियाकर्मी होने का किया दावा
कोतवाली थाने पर शिकायत लेकर पहुंची महिला ने अपना नाम ममता पति विजय शर्मा बताते हुए कहा कि वह एक न्यूज चैनल से जुड़ी है। उसके पास चैनल द्वारा अधिकृत कार्ड भी है। उसने अपने पति की आदतों से तंग आकर कई बार पुलिस को इसकी सूचना भी दी। करीब 5-6 माह पहले विजय को पुलिस पकड़कर भी ले गई, लेकिन वह कुछ ही घंटों में वापस आ गया था।
पुलिस कार्रवाई की भनक थी
ममता के अनुसार 8 दिन पहले वह गोलियां और बंदूक लेकर आया था। इसे लेकर कुछ दिन पहले किसी नेताजी नामक व्यक्ति ने उसे फोन पर सूचना दी की उसके खिलाफ कार्रवाई होने वाली है। इसी दौरान मैंने बंदूक और गोलियों का फोटो खींच लिया। रविवार को जब विजय ने बच्चों पर हाथ उठाया तो मुझसे रहा नहीं गया और मैं थाने पहुंच गई।
कट्टा व कारतूस मिले हैं
टीआई तिवारी के मुताबिक महिला की शिकायत पर हमने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन वह भाग खड़ा हुआ। सोमवार को उसके घर की तलाशी के दौरान देशी कट्टा सहित कारतूस मिले हैं। युवक को गिरफ्तार कर मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3b4Ghrw
via IFTTT
