गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उच्चतम वेतनमान पर कार्यरत पुलिसकर्मियों को पदनाम देने पर सैद्धांतिक सहमति व्यक्त करते हुए प्रस्ताव देने के निर्देश पुलिस महानिदेशक को दिए हैं। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मी व अन्य मृतक पुलिसकर्मियों के परिवारों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क प्रारंभ करने को कहा है। डाॅ. मिश्रा ने गृहमंत्री बनने के बाद मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। इससे पहले डॉ. मिश्रा व डीजीपी विवेक जौहरी ने कोरोना जंग में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। मंत्री मिश्रा ने कहा कि उन सभी पुलिसकर्मियों को कर्मवीर पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने कोरोना की जंग में 30 दिन तक अपनी सेवाएं दी।
डायल-100 लोगों की शिकायत पर घर जाकर दर्ज करेगी एफआईआर
गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग सुधारात्मक प्रक्रिया के अंतर्गत वन स्टेप-अप होकर कार्य करेगा। डायल-100 एफआरवी लोगों की शिकायत पर घर जाकर एफआईआर दर्ज करेगी। शीघ्र ही इसके लिए आवश्यक कदम उठाएं जा रहे हैं। अति गंभीर मामलों को छोड़कर सामान्य मामलों में इस प्रकार की एफआईआर डायल-100 द्वारा दर्ज की जा सकेगी। बैठक में एडीजी एवं आईजी स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमोन्नति व पदोन्नति पर निर्णय तत्परतापूर्वक किया जाए
मंत्री मिश्रा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण की प्रक्रिया नीचे से ऊपर की ओर चलेगी। उनकी क्रमोन्नति, पदोन्नति पर निर्णय लिए जाने संबंधी आवश्यक कार्रवाई तत्परतापूर्वक की जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए आला अधिकारियों से आवश्यक सुझाव भी मांगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2L0lM4N
via IFTTT
