नए कलेक्टर आशीष सिंह ने कोरोना की रोकथाम के लिए प्राथमिकताएं बताते हुए लोगों से कुछ अपेक्षा जताई। बोले- एक पॉजिटिव व्यक्ति महीनेभर में 600-700 लोगों को संक्रमित कर सकता है, इसलिए कोई भी बीमारी छिपाए नहीं। यदि लक्षण हो तो हमें बताएं। हमारा जोर टेस्टिंग बढ़ाने के साथ ही पॉजिटिव रोगियों को ठीक करने पर रहेगा।
मंगलवार को महाकाल मंदिर शिखर दर्शन कर सिंह ने पदभार संभाला और संभागायुक्त आनंद कुमार शर्मा की मौजूदगी में प्रशासनिक व चिकित्सा अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। मीडिया से चर्चा में वे बोले कोरोना के मामले में उज्जैन संवेदनशील है। हमारा उद्देश्य संक्रमण को बढ़ने से रोकना और डेथ को कम करना रहेगा। जितनी ज्यादा हो सके, टेस्टिंग बढ़ाएंगे। ऐसे में हो सकता है 6-7 दिनों में ज्यादा पॉजिटिव मिले। इन्हें ट्रीटमेंट देंगे। इलाज के वैकल्पिक स्थान के रूप में माधवनगर के ट्रामा सेंटर में व्यवस्था करवा रहे हैं।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराएंगे, कुछ असुविधा जनता झेले
सिंह ने लॉकडाउन में सख्ती बरतने के भी संकेत दिए। बोले ऐसा मॉडल तैयार करने की कोशिश करेंगे कि अच्छा लॉकडाउन हो ताकि हम वायरस की चैन को ब्रेक कर सकें। हो सकता है कि ऐसे में लोगों को थोड़ी बहुत असुविधा हो, उन्हें फल-सब्जी ना मिले लेकिन 10-15 दिन तक ऐसी असुविधा तो झेलना पड़ेगी, तभी हम कोरोना से लड़ाई जीत पाएंगे। सिंह बोले कंटेनमेंट एरिया के सभी लोगों की स्क्रीनिंग व हेल्थ सर्वे करवाया जाएगा।
आरडी गार्डी पहुंचे कलेक्टर, बोले-लापरवाही पर सख्ती से निपटेंगे
दोपहर में कलेक्टर सिंह आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां कॉलेज प्रबंधन व डॉक्टरों के साथ मीटिंग की। टीम वर्क के साथ काम कर एक-दूसरे को प्रोत्साहित कर अपनी संस्था का नाम रोशन करें। कलेक्टर सिंह ने कॉलेज के डाॅक्टरों से कोरोना मरीजों के बारे में जानकारी ली। नर्सों को हिदायत दी है कि वे भी अपनी ड्यूटी करें। लापरवाही करने या अनुपस्थित रहने पर सख्ती से निपटा जाएगा। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी एसएस रावत ने कोरोना रोगियों के लिए यहां चल रही गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3c7GbRn
via IFTTT
