राजधानी के बैरसिया इलाके में मामूली बात पर हुई बहस के बाद पति ने पत्नी पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। 70 प्रतिशत झुलसी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बागसेवनिया और भानपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में दो जान चली गईं।
70 प्रतिशत झुलसी महिला का हमीदिया में चल रहा है इलाज
बैरसिया इलाके में दाल की बड़ी पड़ोसी की छत पर सुखाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी को केरोसिन डालकर जला दिया जिसमें महिला 70 प्रतिशत झुलस गई। गंभीर हालत में उसका हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी अजय मिश्रा के मुताबिक बसई मोहल्ला निवासी विनोद विश्वकर्मा मजदूरी करता है। उसकी पत्नी नीतू बाई (35) ने दाल की बड़ी पड़ोसी की छत पर सूखने रखी थी। इस बात पर विनोद ने आपत्ति की। गुस्से में नीतू ने बड़ी फेंक दी। 2 मई की सुबह 11 बजे पति-पत्नी में फिर विवाद हुआ। विनोद ने नीतू के साथ मारपीट कर उसके ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी, जिसमें नीतू लगभग 70 प्रतिशत झुलस गई। पुलिस ने नीतू के बयान दर्ज कर लिए हैं, जिसमें उसने पति द्वारा शारीरिक प्रताड़ना और केरोसिन डालकर जलाने की बात दोहराई है।
पत्नी से बहस के बाद युवक ने लगाई फांसी
बागसेवनिया में एसी-फ्रिज मैकेनिक ने मंगलवार दोपहर घर में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक का पत्नी से विवाद हुआ था। गुस्से में पत्नी घर से चली गई। युवक पत्नी की तलाश में घर से निकला। जब पत्नी नहीं मिली तो घर लौटकर ये कदम उठा लिया। दोनों की 7 महीने पहले ही लव मैरिज हुई थी। टीआई शैलेंद्र शर्मा के मुताबिक आदर्श नगर, बागसेवनिया निवासी करण वर्मा (23) ने अक्टूबर 2019 में गंगा साहू से लव मैरिज की थी। पारिवारिक मसलों पर दोनों के बीच अक्सर बहस होती रहती थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों का एक बार फिर विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि गंगा गुस्से में घर से बाहर निकल गई। कुछ देर तक जब वह नहीं लौटी तो करण उसे तलाशने निकला। पत्नी जब नहीं मिली तो वह घर लौटा और अपने कमरे में साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी रास्ते में मौत हो गई। मौके पर पहुंची बागसेवनिया पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
भानपुर... ट्रेन के सामने कूदकर की खुदकुशी
पति-बेटी को छोड़कर लिव-इन में रह रही महिला ने दी जान
भानपुर रेलवे ट्रैक पर एक महिला ने ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। महिला पति व 4 साल की बेटी से अलग लिव-इन में रहती थी। छोला मंदिर पुलिस के मुताबिक बरखेड़ी, जहांगीराबाद निवासी अन्नू प्रजापति (25) की शादी राज से हुई थी। उनकी 4 साल की बेटी है। बीते दो माह से अन्नू, पति व बेटी से अलग पिपलिया पेंदे खां निवासी एक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। सोमवार शाम साढ़े सात बजे अन्नू ने ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लिव-इन पार्टनर से उसका ब्रेकअप हो गया था, इससे वह डिप्रेशन में थी। इसके चलते उसने आत्महत्या की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3di8Tis
via IFTTT
