लॉकडाउन के बाद से क्षेत्र में हाट बाजार आयोजन पर प्रतिबंध है लेकिन अनलॉक-1 के बाद सोमवार को जूते-चप्पल सहित अन्य सामग्री लेकर व्यापारी हाट स्थल पहुंचे। तंबू लगाए लेकिन पुलिस ने पहुंचकर इन्हें हटवा दिया। व्यापारियों ने कहा- 22 मार्च को लॉकडाउन लगने के बाद से ही सिरवेल, पिपलझोपा, देवला, समारपाट, मोहना, बिस्टान आदि जगह हाट नहीं लगे है।
व्यवसायी नरेंद्र जैन, वीरू जैन, मसाला बेचने वाले नितिन गोहांदे आदि ने कहा- हाट में समान बेचकर ही जीवन बसर करते है। पिछले 80 दिन से बेकार बैठे है। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। इंद्रावती नदी किनारे मुख्यमंत्री हाट बाजार स्थल पर दुकानें लगने की सूचना पर थाना प्रभारी गीता सोलंकी ने पुलिसकर्मियों को भेजा। आरक्षक निहालसिंह वास्कले, भारतसिंह सोलंकी, राहुल आदि ने समझाइश देकर व्यापारियों को वापस भेजा। उन्होंने पंचायत व बैंक गली में खड़े ठेले वालों को भी हिदायत दी कि एक स्थान पर सब्जी व फल के ठेले नहीं लगाए। फेरी लगाकर सामान बेंचे। एएसआई अनारसिंह जाधव ने कहा- कोरोना से बचाव के लिए हाट बाजार लगाने पर प्रतिबंध है। कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन होने पर कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dchDGF
via IFTTT
