जल संरक्षण के लिए कोलारस क्षेत्र में सिंध नदी पर बने पांच स्टाॅप डेम के गेट 10-11 जून को खोलकर सारा पानी बहा दिया है। इसी के साथ सिंध नदी पर जगह-जगह अवैध उत्खनन तेज हो गया है। खास बात यह है कि रेत खनन के इस खेल में मजदूरों की जान दांव पर लगाई जा रही है। नदी से बाहर निकालते समय ट्रैक्टर दो पहियों पर चलता नजर आता है। ट्राॅली में रेत का वजन अधिक हाेने से ट्रैक्टर आगे से पूरा उठ जाता है। ट्रैक्टर उठे न इसलिए दाे मजदूरों को बाेनट पर खड़ा किया जाता है। कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। खनिज विभाग और राजस्व विभाग इस गंभीर मामले को लेकर चिंतित दिखाई नहीं दे रहा है।
10 जून से पहले लबालब थी नदी, 13 को दिखी तलहटी
पचावली के पास सिंध नदी 10 जून से पहले लबालब भरी थी। आगे बने स्टॉपडेम का पानी बहाते ही तलहटी दिखाई देने लगी। नदी में रेत का भंडार देख रेत माफिया ने जेसीबी उतारकर खनन शुरू करा दिया। नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की रेली लगाकर अवैध उत्खनन शुरू करा दिया है। रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही नदी पार करने ऊपर चढ़ते हैं तो नजारा खतरों से भरा दिखाई देता है। ट्रॉली में रेत भरी होने से ट्रैक्टर आगे से उठ जाता है। ऐसे में दो मजदूरों को आगे बिठा रहे हैं, फिर भी ट्रैक्टर आगे से खड़ा हो रहा है। यदि ट्रैक्टर पलटता है तो मजदूरों की जान भी जा सकती है। लेकिन रेत माफिया को मजदूरों की जान की कोई चिंता नहीं है। बता दें कि मंत्री नरोत्तम मिश्रा और विधायक वीरेंद्र रघुवंशी की पहल पर सिंध नदी पर पांच स्टॉप डैम बने थे। स्टॉप डैम बनने से इस साल पहली बार नदी लबालब भरी नजर आई।
विधायक ने लिखित में जानकारी मांगी, खनिज विभाग का जवाब नहीं आया
कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी का कहना है कि रेत खनन को बंद कराने के लिए वह खुद पुलिस अधीक्षक से मिलने गए। जिला खनिज अधिकारी को पत्र जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद भी खनिज अधिकारी ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि सूचना मिली है कि जिले में सिर्फ कल्याणपुर रेत खदान की अनुमति मिली है। इसके बाद भी कोलारस विस में स्टॉपडेम का पानी बहाकर रेत खनन कराया जा रहा है।
रसीद कट्टों की जगह ईटीपी व्यवस्था लागू की
जिले की रेत खदानों के टेंडर हुए हैं। रायल्टी रसीद कट्टों की जगह इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास (ईटीपी) व्यवस्था लागू की गई है। अब देखना पड़ेगा कि कोलारस क्षेत्र में ईटीपी शुरू हो गईं हैं या नहीं। विधायक को भी जानकारी दे रहे हैं।
प्रमोद शर्मा, जिला खनिज अधिकारी शिवपुरी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MWohpy
via IFTTT
