थानांतर्गत ग्राम चंदेना में तीन दिन पहले हुई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। हत्या के मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वारदात के पीछे चौंकाने वाली बात निकलकर सामने आई है, मृतक के आरोपी की मां से अवैध संबंध थे, इस बात की जानकारी आरोपी को लग गई थी। मां और बेटे ने मृतक की हत्या का षड्यंत्र रचा और फिर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद मां-बेटे ट्रैक्टर से फरार हो गए थे, बाद में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों को दबोच लिया।
मड़ियादो थाना प्रभारी अरविंद सिंह ठाकुर ने बताया मामले में साक्ष्यों के आधार पर अवैध संबंध के चलते हत्या होना पाया है।
उन्होंने बताया कि मड़ियादो पुलिस को 10 जून को ग्राम चंदेना में बद्री छिरोल्या के खेत में चंदेना निवासी बहादुर पिता गोदा लोधी 25 का शव मिला था। एसपी के निर्देश पर टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की और संदेह के आधार पर अशोक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला बहादुर के आरोपी की महिला से संबंध थे। जिसकी जानकारी अशोक सींग को लग गई थी। 9 जून को जब बहादुर शराब के नशे में महिला के घर गया तभी अशोक ने उसे रोका और बदनामी के डर के कारण डंडा व गला दबाकर मां व बेटे ने बहादुर की हत्या कर दी और मृतक को अपने ट्रैक्टर में रखकर खेत में फेंक दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक बहादुर लोधी और आरोपी की मां के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे, बीच में आरोपी अशोक की शादी हो गई थी, इसके बाद भी बहादुर सिंह उसके घर आता-जाता था। इससे उसकी शादी पर गलत प्रभाव पड़ रहा था, पत्नी भी इस चीज को लेकर आपत्ति उठा रही थी। जिसके बाद अशोक लोधी ने मां को स्थिति बताई, जिसके बाद दोनों ने मिलकर बहादुर लोधी की हत्या करके उसे छुपाने का षड्यंत्र रचा।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला और उसका बेटा वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर से फरार हो गए थे। तिगरा के आसपास उनका ट्रैक्टर होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस पार्टी मौके पर भेजी गई और दोनों को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि वारदात के दिन मां-बेटे ने बहू को किसी रिश्तेदार के घर भेज दिया था, ताकि उसे वारदात के बारे में कोई जानकारी ना लगे।
पुलिस द्वारा आरोपी अशोक लोधी और उसकी मां को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 302, 201, 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर न्यायालय हटा में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। हत्या का प्रकरण सुलझाने में एसपी के निर्देश एसडीओपी हटा के मार्गदर्शन में हटा टीआई, मडियादो टीआई, एसआई संजय सिंह, आरक्षक डैनी, रीता, गाेविंद, उपेंद्र सहित मड़ियादो पुलिस का सहयोग रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3huwCPB
via IFTTT
