खरीदी खत्म होने के 11 दिन बाद भी गेहूं का परिवहन नहीं होने पर शुक्रवार को कलेक्टर दिनेश जैन ने जिला विपणन अधिकारी प्रवीण रघुवंशी को फटकार लगा दी। साथ ही नोटिस जारी करते हुए परिवहन नहीं हो पाने का लिखित जवाब भी मांगा है।
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की समीक्षा करने के लिए कलेक्टर जैन ने बैठक ली। इस दौरान यह बात सामने आई कि 31 मई से 11 जून तक जिला विपणन अधिकारी रघुवंशी द्वारा कुल 76 हजार मीट्रिक टन गेहूं के भंडारण के लिए स्थान उपलब्ध करा दिया गया है। लेकिन इसके बाद भी रघुवंशी ने गेहूं का परिवहन नहीं कराया। 11 दिन में सिर्फ 20 हजार टन का ही परिवहन
किया गया, जबकि केंद्रों पर परिवहन के लिए 40 हजार टन गेहूं खुले में रखा है। इसके बावजूद गेहूं परिवहन
कराने के लिए संबंधितों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए। गेहूं परिवहन की गति धीमी होने पर भी रघुवंशी ने परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की न ही वरिष्ठ कार्यालय को कार्रवाई प्रस्तावित की, जो सीधे वरिष्ठों के आदेशों की
अवहेलना है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए विपणन अधिकारी रघुवंशी को जमकर फटकार लगा दी। कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी को इस घोर लापरवाही एवं गैर जिम्मेदाराना कृत्य के लिए कारण बताओ सूचना पत्र
जारी कर दिया है। इसका दो दिन में जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा है। निर्धारित समयावधि में उत्तर प्राप्त न होने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
मुद्दा उठाया तो दिखाई सख्ती
परिवहन नहीं हो पाने के कारण पिछले सप्ताह बारिश में भीगे गेहूं के बाद भी अधिकारियों ने अब तक गेहूं को सुरक्षित नहीं किया। अफसरों की लापरवाही उजागर करते हुए शुक्रवार के अंक में दैनिक भास्कर ने प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिनेश जैन ने संबंधित अधिकारी को फटकारे हुए नोटिस जारी कर दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Yqtrzw
via IFTTT
