डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलीजेंस (डीजीजीआई) और डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) की संयुक्त सर्च टीम ने सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में एक सिगरेट फैक्टरी पर छापा मारा। पाउच, गुटखा कारोबारी माटा से मिली लिंक के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान फिर टीम को रोकने की कोशिश की गई और कुछ लोगों के साथ अंदर सर्च करने को लेकर विवाद हुआ। अफसरों के पुलिस को सूचना देने पर अतिरिक्त बल पहुंचा और फिर कार्रवाई हो सकी। गुरुवार रात भी सर्च टीम के साथ 64 बी व 65 बी प्रेमनगर में कार्रवाई के दौरान विवाद और घेराव हुआ था। इस मामले में सेंट्रल एजेंसी की शिकायत पर पुलिस ने 4 लोगों पर नामजद और 25 अन्य लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है।
शिकायत में कहा है कि सर्च टीम रात नौ बजे जांच के लिए वहां गई थी, तब उनके साथ 6 पुलिसकर्मी थे। इस दौरान टीम को कुछ शराब पिए लोगों ने रोका, दुव्यर्वहार किया और कार्रवाई रोकने की कोशिश की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात को सर्च टीम ने मैसेज किया था कि भीड़ आ गई है, जान बचाने के लिए जल्दी मदद भेजिए, नहीं तो ये हमारे साथ गलत करेंगे। हमने तत्काल बल भेज दिया था।
मैं डॉक्टर हूं, कोरोना का सैंपल लेने आया था, यह कहकर खुद को बचाया अफसरों ने
प्रेमनगर में हुई घटना के दौरान डीजीजीआई के अफसर, महिला डिप्टी डायरेक्टर और अन्य घर के अंदर मौजूद थे, वहीं डीआरआई के 6 अफसर भीतर काम पूरा कर बाहर खड़े थे। भीड़ को देख ये सभी दूर-दूर हो गए। जब भीड़ ने एक अफसर से पूछा कि सर्च टीम में हो क्या, तो उन्होंने कहा, मैं तो डॉक्टर हूं, सैंपल लेने आया था। एक अफसर ने कहा, मैं कॉलोनी में रहता हूं, विवाद देखा तो आ गया। एक अन्य ने यह कहकर खुद को बचाया कि कुत्ते को घुमाने के लिए बाहर निकला था। वह भाग गया, उसे तलाश रहा हूं।
प्रेमनगर में सेंट्रल एजेंसी की सर्च टीम के साथ हुई घटना को लेकर शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया है।
महेश चंद्र जैन, एसपी पश्चिम
सांवेर रोड पर 1 फैक्टरी में सेंट्रल एजेंसी कार्रवाई कर रही है। इसमें शिकायत मिली थी कि टीम को रोका जा रहा है। पुलिस बल भेज दिया था।
निहित उपाध्याय, सीएसपी बाणगंगा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dYMQOC
via IFTTT
