पथरिया पुलिस थाने से निगरानी शुदा दो बदमाश पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित भाग गए। दोनों को चोरी के एक मामले में पूछताछ करने के लिए पुलिस तीन दिन से थाने में बैठाए थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह मौका पाकर दोनों ही भाग निकले। जैसे ही जिला मुख्यालय पर इस बात की सूचना पहुंची एसपी ने पुलिस टीमें आरोपियों की खोजबीन के लिए रवाना कीं, मगर कोई सफलता हाथ नहीं लग पाई। पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान ने पथरिया थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक सत्येंद्र सिंह को गंभीर लापरवाही के चलते सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच पथरिया एसडीओपी को सौंपी गई है।
बताया गया है विगत दिनों नगर में हुई चोरी के मामले में पूछताछ के लिए नगर के वार्ड नंबर एक निवासी नितेश बंसल एवं दीपू बंसल काे पुलिस पकड़कर थाने लाई थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा था, जिनमें से एक व्यक्ति पहले ही दिन थाने से भाग गया था और शुक्रवार को सुबह नितेश और दीपू भी भाग गए। दोनों आरोपी चोरी मारपीट सहित कई मामलों में कई बार जेल जा चुके हैं और जिला बदर भी रहे हैं।
जानकारी लगने पर एसपी हेमंत चौहान ने बदमाशों को पकड़ने एवं मामले में जांच कराने के निर्देश दिए। शाम तक पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इस संबंध में पथरिया के थाना प्रभारी आरपी कुसुमाकर का कहना है मुझे इस मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है, मैं अभी थाने भी नहीं पहुंचा हूं, थाने पहुंचकर कुछ जानकारी दे पाऊंगा। एसपी हेमंत चौहान ने बताया कि मामले में प्रधान आरक्षक की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
ड्यूटी के दौरान हथकड़ी सहित आरोपियों काे भागना जांच का विषय है, मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी गई है, जिनका प्रतिवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाने से भागे दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 224 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही प्रधान आरक्षक सत्येंद्र सिंह को निलंबित कर लाइन भेज दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2B6V2Oo
via IFTTT
