जिले में जून महीने के 11 दिनों में कुल 55 मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में जब कोरोना संक्रमण के मरीज बढ़ना शुरू हुए तो बाहर से आने वालों की प्रशासन ने स्क्रीनिंग कराना बंद कर दी है। हॉट स्पॉट इलाकों से आने वाले लोग स्वयं को क्वारेंटाइन करने के बजाए खुलेतौर पर लोगों से मिलजुल रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी में पदस्थ बाबू भी कोरोना संक्रमित मिला है। इस प्रकार जिले में अब 111 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें एक्टिव पॉजिटिव 57 हैं।
जिले में अब तक एक लाख 47 हजार से अधिक लोग दूसरे शहरों से आए हैं, इनमें से गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र से आए सबसे ज्यादा लोग अपने साथ कोरोना वायरस को लेकर आए हैं। जिले में अब तक 111 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। हालांकि इनमें 56 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन ने बाहर से आने वालो लोगों की स्क्रीनिंग कराना बंद कर दी है। ऐसे में हॉटस्पॉट क्षेत्रों से आने वाले लोग सीधे अस्पताल पहुंचकर अपनी स्क्रीनिंग कराने के बजाए घर पहुंच रहे हैं। परिणामस्वरूप उनके संपर्क में आने से उनके परिवार वालों समेत आसपड़ोस के लोग भी संक्रमित हो रहे हैं। वहीं कलेक्टर वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि मैं अधीनस्थों से बात करूंगा और बाहर से आने वालों की स्क्रीनिंग शुरू कराई जाएगी।
जिले में यहां बनाए थे स्क्रीनिंग प्वाइंट
लॉकडाउन के दौरान जिले की सभी सीमाओं से शहर के बस स्टैंड पर स्क्रीनिंग के लिए प्वाइंट बनाया गया था। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात की गई थी। इसके अलावा बस स्टैंड पर स्क्रीनिंग के लिए विशेष तौर पर एक स्क्रीनिंग बाॅक्स भी लगाया गया था। जिले में ग्वालियर की ओर से प्रवेश करने पर मालनपुर और इटावा की ओर बरही स्क्रीनिंग प्वाइंट बनाया गया था।
तीन उदाहरण जो बताते हैं सीधे स्क्रीनिंग कराने नहीं पहुंच रहे लोग
1. शहर के बीटीआई रोड निवासी कृष्णा (23) पुत्र देवेंद्र बामोते दिल्ली से रविवार की रात 10 बजे बस द्वारा भिंड के लिए निकले। सोमवार की सुबह 7.30 बजे वे बस स्टैंड पर उतरने के बाद सीधे घर पहुंचे। सात घंटे घर पर बिताने के बाद दोपहर 2.30 बजे वे अस्पताल अपनी स्क्रीनिंग कराने पहुंचे। बुधवार को उनके सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
2. गोहर निवासी वर्षा (32) पत्नी सुबोध सोमवार की शाम 7 बजे दिल्ली से भिंड के लिए बस से रवाना हुई। दूसरे दिन मंगलवार की सुबह 7.30 बजे वे पावई से अपने घर पहुंचीं। उन्हें बुखार आ रहा था इसलिए करीब एक घंटे बाद वे जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग के लिए आई। बुधवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके संपर्क में परिवार के पांच सदस्य आए।
3. इथपुरा गोहद निवासी वीरेंद्र (37) पुत्र श्यामलाल 1 जून को सुबह 7 बजे अहमदाबाद से बस द्वारा भिंड के लिए निकले। अगले दिन दो जून की सुबह 5 बजे वे सीधे घर पहुंचे। दो दिन बाद वे गोहद अस्पताल पहुंचे, जहां स्क्रीनिंग के बाद उनका सैंपल जांच के लिए लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान परिवार के 6 लोग उनके संपर्क में आए।
डीईओ कार्यालय पहुंचा कोरोना, बाबू की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, इधर... दो हुए ठीक, मिली छुट्टी
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कोरोना ने आमद दर्ज करा दी है। कार्यालय के विधिक सेल के बाबू अनिल पचौरी (57) पुत्र कृष्णा निवासी पार्क मोहल्ला बीटीआई रोड भिंड के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि 22 मार्च को अपनी बेटी का इलाज कराने ग्वालियर गए थे। इसके बाद से वे भिंड ही थे। साथ ही घर से दफ्तर, दफ्तर से घर ही उनका रुटीन आना-जाना था। अचानक दो दिन से उन्हें बुखार आ रहा था। साथ ही गले में भी खरास है। ऐसे में बुधवार को उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि दो दिन से वे घर में ही थे। वहीं गुरुवार ठीक हुए दो कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेजा गया
पत्नी की परीक्षा में थी ड्यूटी: संक्रमित मिले बाबू अनिल पचौरी की पत्नी रेखा भी शा. अध्यापक हैं। उनकी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए विद्यावती परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी लगी है। गुरुवार को जब वे केंद्र पर पहुंची तो उन्होंने केंद्राध्यक्ष को ड्यूटी से मुक्त करने के लिए आग्रह किया। साथ ही बताया कि उनके पति की कोरोना जांच का सैंपल गया है। इसलिए उनका ड्यूटी करना बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं रहेगा लेकिन केंद्राध्यक्ष उन्हें ड्यूटी से मुक्त नहीं कर रहे थे। ऐसे में उन्होंने डीईओ हरभवन सिंह तोमर को फोन पर पूरी बात बताई तब उन्हें परीक्षा ड्यूटी से छूट मिल पाई।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UApA1L
via IFTTT
