कोरोना को लेकर तीन दिन पहले कलेक्टर दिनेश जैन द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइन को लेकर शहर के तहसीलदार, नप अधिकारी और पुलिस अफसर जरा भी गंभीर नहीं है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी सात बजे बाजार बंद कराने के निर्देशों की मुनादी तक नहीं कराई। नतीजा रात 9 बजे तक खुले बाजार में लोग मास्क और सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं कर रहे। ऐसे में अब संक्रमण की आशंका है। भास्कर द्वारा चेताने के बाद अफसरों ने गुरुवार शाम करीब 6 बजे मुनादी कराई।
9 जून को जिला दंडाधिकारी दिनेश जैन द्वारा नए निर्देश जारी किए गए थे। इसमें शाम 7 से सुबह 5 बजे तक चिकित्सा कार्य को छोड़कर अन्य सभी कार्यों के लिए आम जनता का घर से निकलना प्रतिबंधित किया गया था। वहीं बाजार के खुलने के पूर्व के समय सुबह 5 से रात 9 में संशोधन करते हुए नया समय सुबह 5 से 7 कर दिया गया, लेकिन मक्सी में उक्त आदेश का पालन करवाने में पुलिस और प्रशासनिक अमला नाकाम होता दिखाई दे रहा है।
10 जून बुधवार को कलेक्टर के आदेश का पालन करवाने के लिए प्रशासनिक अमला सड़कों पर तो उतरा, लेकिन खुलने के समय को लेकर शाम तक व्यापरियों को सूचना नहीं दे पाया। बुधवार 10 जून के अंक में भास्कर द्वारा प्रकाशित नई गाइड लाइन को पढ़ने के बाद शहर के व्यापारी प्रशासन की मुनादी का इंतजार ही करते रह गए। इस कारण मक्सी का आधा बाजार रात 9 बजे तक खुला रहा और लोग कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन करते नजर आए। बुधवार को शहर के एबी रोड, तिलक स्कूल रोड, सब्जी बाजार और पीठा रोड की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। जिसे रोकने कोई नहीं आया। मक्सी के कुछ व्यापरियों का कहना है कि नया बाजार, जैन मंदिर रोड, नगर परिषद रोड पर बाजार शाम 7 बजे बंद हो गए थे लेकिन बस स्टैंड और एबी रोड की दुकानें रात 9 बजे तक खुली रही।
इस वजह से समय पर अपनी दुकान बंद करने वाले व्यापारी गलफत में पड़ रहे हैं।30 मई तक मक्सी थाने की कमान प्रोविजनल डीएसपी आदित्य तिवारी के हाथों में थी तब मक्सी पुलिस सुबह से शाम तक बाजार में घूम कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवा रही थी, लेकिन डीएसपी तिवारी के थाने से रिलीव होने के बाद से उल्लंघन शुरू हो गया। गुरुवार को भी शाम 5 बजे तक अधिकारियों ने कलेक्टर के नए निर्देशों की मुनादी नहीं करवाई थी, हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन के बाद मक्सी पुलिस 10 दिन बाद गुरुवार शाम 7 बजे बाजार बंद कराने निकली तब जाकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद की ।
सीएमओ को मुनादी के निर्देश देता हूं
^नए आदेश के मद्देनजर 10 जून को नगर परिषद में बैठक हुई थी। मुनादी नहीं करवाई गई इसकी जानकारी नहीं है। अभी मक्सी सीएमओ को मुनादी के निर्देश देता हूं।
एसएल सोलंकी, एसडीएम शाजापुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YxFZW2
via IFTTT
