गत दिनों कोरोना संक्रमित मिले बैंककर्मी का पूरा परिवार शुक्रवार को पॉजिटिव मिला। दो बेटे, दो बहू सहित बैंककर्मी की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। परिवार में अब सिर्फ बेटे की 3 साल की बेटी की रिपोर्ट ही निगेटिव आई। लेकिन वह अपनी संक्रमित मां से अलग रहने को तैयार नहीं है। मजबूरन अस्पताल के कोरोना वार्ड में ही निगेटिव आई बेटी को भी रखना पड़ा।
जिले में कोरोना का विस्फोट जून के पहले सप्ताह से शुरू हुआ। 3 जून को चौक बाजार स्थित एसबीआई की एक महिलाकर्मी संक्रमित मिली। इसके बाद उसकी कॉलोनी सहित बैंककर्मियों के सैंपल लिए गए और कुल 22 कर्मचारियों में से 15 संक्रमित मिले। जबकि चार लोग उक्त महिलाकर्मी के पड़ोस में रहने वाले पॉजिटिव हो गए। पॉजिटिव आए सभी बैंककर्मियों के परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए गए। इनमें से शुक्रवार को आई रिपोर्ट में गैस गोदाम रोड स्थित एक बैंककर्मी के परिवार के सभी 5 सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बेटे, बहू व पत्नी सभी में कोरोना की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया। इधर, घर में सिर्फ 3 साल की बेटी की रिपोर्ट ही निगेटिव मिली। उसे डॉक्टरों ने उसकी मां से अलग करने की कोशिश भी की, लेकिन मासूम अपनी मां से अगल रहने को तैयार नहीं हुई। ऐसे में उसे भी कोरोना संक्रमित मरीजों के साथ ही अस्पताल ले जाना पड़ा।

पड़ाेसियाें को क्वारेंटाइन किया : बैंककर्मी के पूरे परिवार के संक्रमित होने के बाद स्वास्थ्य अमले ने संक्रमितों की ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी ली। इसके बाद इन लोगों के संपर्क में आए पड़ोसियों के सैंपल लेकर उन्हें भी क्वारेंटाइन कर दिया है। हालांकि पिछले दिनों बैंककर्मी के संक्रमित होने के बाद से ही क्षेत्र को प्रतिबंधित कर दिया था। इस कारण बाद में ज्यादा लोग संपर्क में नहीं आए हैं। जिले में जून से पहले तक सिर्फ 9 संक्रमित सामने आए थे, लेकिन 3 जून को महिला बैंककर्मी व दिल्ली से लौटा शुजालपुर का व्यक्ति संक्रमित होने की पुष्टि के बाद जिले में कोरोना विस्फोट हो गया। इन दोनों के संपर्क में आए 20 व्यक्ति एक साथ पॉजिटिव निकले। बाद में 7 और शुक्रवार को 5 संक्रमित मिले। जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 43 हो गई है।
बच्ची का फिर से सैंपल लिया
सभी संक्रमितों को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। निगेटिव आई तीन साल की बिटिया मां के ज्यादा संपर्क में है। अब भी वह दूर रहने को तैयार नहीं है। ऐसे में उसका एक बार फिर से सैंपल लिया है।
डॉ. शुभम गुप्ता, प्रभारी सिविल सर्जन जिला अस्पताल शाजापुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37u5OKr
via IFTTT
