देश-प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच ग्वालियर के लिए शुक्रवार का दिन राहतभरा रहा। शहर में कंटेनमेंट जोन की संख्या 111 से घटकर 67 रह गई, वहीं अस्पताल में इलाज करा रहे 27 संक्रमित ठीक होकर घर लौट गए। यह पहला अवसर है जब शहर में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित डिस्चार्ज हुए। अभी तक 166 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 253 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इसके अलावा कंटेनमेंट एरिया में रहने वाले 54 लोगों के सैंपल भी निगेटिव आए। इनमें हाथीखाना, मुरार, घोसीपुरा, दीनदयालनगर, नाका चंद्रबदनी, हरदेव सिंह की टाल, रामगढ़ रोड और ठाकुर बाबा रोड के लोग शामिल हैं।
86 दिन बाद बारामती से लौटा परिवार, सभी निगेटिव
पानपत्ते की गोठ में रहने वाले शैलके परिवार के पांच सदस्य 17 मार्च के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बारामती गए थे। लॉकडाउन के कारण पूरा परिवार वहीं फंस गया था। 10 जून को परिवार के सदस्य ग्वालियर आए और सभी ने आकर सैंपल दिए। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सभी निगेटिव निकले।
कंट्रोल कमांड सेंटर में कम्प्यूटर ऑपरेटर के भाई की रिपोर्ट पाॅजिटिव आने से हड़कंप, सुरक्षा बढ़ाई
स्मार्ट सिटी के एकीकृत कंट्रोल कमांड सेंटर में आईटी का काम करने वाली कंपनी के कम्प्यूटर ऑपरेटर जय शर्मा का भाई सुनील शर्मा शुक्रवार को कोरोना पाॅजिटिव पाया गया। रिपाेर्ट आने के बाद सेंटर पर हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने सबसे पहले जय शर्मा को घर पहुंचाया। इसके बाद सेंटर की सुरक्षा की बढ़ा दी। रात में ही सेनिटाइजेशन के साथ पुलिस तैनात कर दी गई। जहां पर मुख्य कंट्रोल रूम संचालित होता है, उसे बंद कर पेंट्री रूम के पीछे बने आईटी कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया है। सीईओ जयति सिंह ने निर्देश दिए हैं कि कमांड सेंटर की बात अंदर ही रहना चाहिए। यदि कोई बाहर लीक हुई तो पता कराकर कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं कंट्रोल कमांड सेंटर में चल रहे कामों को पांच दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
दैनिक भास्कर से जयति सिंह ने कहा कि कंट्रोल कमांड सेंटर से संचालित होने वाली हेल्पलाइन सेवा में एक कर्मचारी के भाई का कोरोना टेस्ट पाॅजिटिव आने पर कंट्रोल सेंटर से संचालित होने वाली वाट्सअप सुविधा का समय बदला है। किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश भी अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। हर कर्मचारी तथा पदस्थ ऑपरेटर को थर्मल स्क्रीनिंग के उपरांत ही प्रवेश दिया जाएगा।
अभी तक ये इलाके कंटेनमेंट जोन से मुक्त... चेतकपुरी, टेकनपुर, ढोलीबुवा पुल, विजय नगर आमखो, सत्यदेव नगर, नाका चंद्रबदनी, छोटी मस्जिद पिछोर, नारायण विहार कॉलोनी बहोड़ापुर, घोसीपुरा कालोनी, ट्रांसपोर्ट नगर, डबरा में गंज मोहल्ला, सिल्वर एस्टेट, नरसिंह नगर हजीरा, घुसगंवा बेहट, एसबीएच जेएएच कैंपस, 14 बटालियन कंपू, कमाठीपुरा माधौगंज, गुढी-गुढा का नाका, सागरताल बहोड़ापुर, चंदन नगर कोटेश्वर रोड, डीडी नगर, जीवाजी गंज, नारायन विहार गोले का मंदिर, शील नगर, मैथाना, बंधा, आमखो, वार्ड-26 डबरा, चीनौर आंतरी, सिकंदरकंपू, नयापुरा अजयपुर, गोहिंदा चौक भितरवार, आर्दश नगर पिंटो पार्क, घोसीपुरा, बेहट, विकास नगर, रतवाई, बाला बाई की छत्री, समाधिया काॅलोनी, बेहट, रसूलाबाद और डबरा की ठाकुर बाबा रोड, ऊषा कॉलोनी व जवाहर कॉलोनी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MPJjpQ
via IFTTT
