किसी क्षेत्र में एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल जाए तो इससे सैकड़ों अन्य लोग भी प्रभावित होते हैं और उनकी सुविधा के लिए प्रशासन को भी कड़ी मशक्कत करना पड़ती है। इसलिए लोग मास्क, डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर का उपयोग करें ताकि ऐसी स्थिति निर्मित ना हो। शनिवार रात सांवरिया कॉलोनी के मुख्य रास्ते पर स्थित एक घर में संक्रमित मरीज मिलने के बाद यहां बनाए कंटेनमेंट एरिया की बैरिकेडिंग से पूरी कॉलोनी का रास्ता ही रुक गया। लगभग 130 परिवारों के 800 से ज्यादा लोग जहां के तहां फंस गए। यहां ना तो पानी के टैंकर आ पाए और ना ही फल-सब्जी वाले पहुंच सके। रहवासियों की सूचना पर भास्कर ने तहसीलदार व सीएमओ को अवगत करवाया और फिर प्रशासन ने तिलकनगर एवं सांवरिया कॉलोनी के बीच एक प्लॉट को समतल करके यहां से वैकिल्पक रास्ता बनाया है। अब 21 दिन यानी कंटेनमेंट खुलने तक यही वैकल्पिक रास्ता पानी टैंकर, फल-सब्जी की ठेलागाड़ी व रहवासियों के आने-जाने में उपयोग आएगा।
सांवरिया कॉलोनी में जहां संक्रमित मरीज मिला, वह घर मुख्य रास्ते पर है। यहां कंटेनमेंट एरिया में तो केवल 11 मकान ही बंद हुए लेकिन बैरिकेडिंग से इसके आगे बाकी लोगों का रास्ता बंद हो गया। आयुर्वेद विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं समाजसेवी देवेंद्र भार्गव ने कहा हमारे इधर नपा के नल कनेक्शन भी नहीं हैं। सभी लोग निजी टैंकर से पानी मंगवाते हैं लेकिन रास्ता बंद होने से रविवार को टैंकर नहीं आए। पानी के लिए परेशान होते रहे। जुझारसिंह राजपूत ने कहा हम कॉलोनी के करीब 800 लोग तो कंटेनमेंट एरिया से बाहर हैं, फिर भी रास्ता बंद होने से फल, सब्जी वाले भी यहां तक नहीं आ सके। यहां स्लम बोर्ड की 4700 वर्गफीट भूमि के पास से 25 फीट चौड़ा रास्ता है लेकिन उस पर अतिक्रमण होने से वह भी बंद है। मरीज एक निकला लेकिन परेशान सभी हो रहे है। कई लोगों ने तो रात में बैरिकेडिंग से पहले ही अपने कार व अन्य वाहन कॉलोनी से बाहर रिश्तेदारों के यहां खड़े कर दिए लेकिन जो नहीं निकाल पाए, वे परेशान हैं।
कंटेनमेंट में नपा व राजस्व टीम करेगी राशन-पानी की व्यवस्था
कंटेनमेंट में जो 11 घर हैं उनके राशन-पानी एवं दूध की व्यवस्था के लिए तो मौके पर नपा, पुलिस एवं राजस्व की टीम तैनात है। लोग उन्हें सूचना देंगे तो वे व्यवस्था करवा देंगे। कंटेनमेंट से बाहर के बाकी लोगों की समस्या की जानकारी मिलने पर तहसीलदार नित्यानंद पांडेय व सीएमओ डॉ के.एस. सागर ने टीम को मौके पर भेजा। पटवारी पंकज राठौर, अनामिका ओहरी, नपा कर्मचारी रशीद खान ने सांवरिया कॉलोनी में इन्फॉर्मल सेक्टर की जमीन के पास से रास्ता बनाने के लिए निरीक्षण किया लेकिन अतिक्रमण होने से नोटिस देना पड़ेंगे और यह प्रक्रिया पूरी होने में सप्ताहभर लग जाएगा। पटवारी एवं नपा अमले ने जेसीबी मंगवाकर तिलकनगर में खाद्य अधिकारी पीके अहिरवार के घर के पास प्लॉट में समतलीकरण करके सांवरिया कॉलोनी के खुले हिस्से में जाने का वैकल्पिक रास्ता बना दिया। अब रहवासी कंटेनमेंट खुलने तक इसका उपयोग कर सकते हैं तथा सोमवार से उन्हें वापस जरूरी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XZ4BYC
via IFTTT
