60 बिस्तर का सिविल अस्पताल अब जल्द ही 100 बिस्तर का हो जाएगा। इसके लिए अस्पताल परिसर में ही सरकारी क्वार्टर को तोड़कर तीन मंजिला इमारत बनाई जाएगी। जिसका ले आउट भी तैयार किया जा चुका है। रविवार को प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जगह का निरीक्षण कर इंजीनियरों को डीपीआर तैयार कर दो माह में काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान डॉ. मिश्रा ने अस्पताल में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया, साथ ही सीएमएचओ से कहा कि मरीजों का ठीक से इलाज हो यही हमारी प्राथमिकता होना चाहिए।
शहर में स्थित सिविल अस्पताल में शहर के ही नहीं आसपास के करीब 150 से ज्यादा गांव के मरीज इलाज कराने के लिए आते हैं। जिसके चलते लंबे समय से इसे सौ बिस्तर का बनाए जाने की कवायद चल रही थी। रविवार को प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मिश्रा अस्पताल में जगह का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने भोपाल से आए इंजीनियरों से ले आउट के बारे में जानकारी ली और कहा कि इसकी डीपीआर तैयार कर दो महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करवाएं, जिससे मरीजों को सुविधाएं मिल सकें।
पहले टंचिंग ग्राउंड की जमीन की गई थी चिह्नित
अस्पताल की नवीन इमारत के लिए पहले झांसी रोड पर टंचिंग ग्राउंड की जमीन को चिह्नित किया गया था, लेकिन यहां पर जगह कम होने के चलते इसे निरस्त कर अब अस्पताल परिसर में पीछे बने सरकारी क्वार्टरों को तोड़कर उसकी जगह पर तीन मंजिला इमारत बनाई जाएगी। भोपाल से अपने साथ ले आउट लेकर आए इंजीनियरों ने डॉ. मिश्रा को पूरा डिजाइन दिखाया। डॉ. मिश्रा द्वारा हर हाल में दो माह के भीतर काम शुरू कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
इमारत बनने के बाद बढ़ाया जाएगा स्टाफ
- अस्पताल परिसर में नवीन इमारत के लिए जगह देखने के बाद मंत्री ने अस्पताल के अंदर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्टाफ को मरीजों की सुविधाओं का ध्यान रखने केलिए कहा।
- सिविल अस्पताल के 100 बिस्तर के लिए पहले इमारत का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद इसमें स्टाफ को बढ़ाया जाएगा। हालांकि अभी जो स्टाफ मौजूद है वह साठ बिस्तर के अस्पताल के हिसाब से काफी कम है। वर्तमान में यहां अभी केवल 7 डॉक्टर ही पदस्थ हैं। जबकि करीब 14 डॉक्टर पदस्थ होना चाहिए, जिसमें स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी होना चाहिए।
अस्पताल परिसर में ही बनाई जाएगी नवीन इमारत
झांसी रोड पर टंचिंग ग्राउंड पर जगह कम होने की वजह से अस्पताल की नवीन इमारत का निर्माण अस्पताल परिसर में कराया जाएगा। स्टाफ के लिए बने भवन जो कि पुराने हो चुके हैं उन्हें तोड़कर जगह खाली कराई जाएगी। दो माह में काम शुरू करा दिया जाएगा।
डॉ. एसके वर्मा, सीएमएचओ ग्वालियर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3e5zWyc
via IFTTT
