जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को जीआरएमसी की वायरोलॉजीकल लैब में हुई जांच में 11 लोगों को कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। इनमें 8 डबरा, 2 ग्वालियर और 1 गोहद का है। डबरा के 8 मरीजों में गुप्ता परिवार की 104 वर्ष की बुजुर्ग महिला सहित 6 सदस्य शामिल हैं। 104 वर्षीय महिला के कोरोना संक्रमित पाये जाने का ग्वालियर-चंबल संभाग में पहला मामला है। इससे पहले ग्वालियर में सिल्वर एस्टेट में रहने वाले सैफुद्दीन शमशी (86) को 9 मई को कोराना का शिकार होने की पुष्टि हुई थी। वे अब स्वस्थ होकर घर पहुंच चुके हैं। गुप्ता परिवार के एक बुजुर्ग की 8 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, लेकिन मृतक की कोरोना जांच नहीं हुई थी। डबरा के दो अन्य मरीज वे हैं जो कोरोना से मरने वाले गंगाराम रोहिरा के घर गमी में शामिल होने गए थे। इनके अलावा एक मरीज गोहद का है।
डबरा में अब तक 14 मरीज कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इन मरीजों को मिलाकर जिले में कोराेना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 64 हो गई है। इनमें से 16 मरीज ठीक होकर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। अभी तक जिले में 7919 मरीजों के सैंपल हुए हैं जिसमें से 64 मरीज पॉजिटिव आए हैं और एकमात्र मरीज गंगाराम रोहिरा की मौत हो चुकी है। 7322 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
नजमा बेगम (65) : वार्ड नंबर 2 घोसीपुरा निवासी नजमा बेगम परिवार के 7 सदस्यों के सात मार्च में शादी में शामिल होने मुंबई गई थीं। मुंबई से ई-पास लेकर कार से 14-15 मई की रात ये लोग ग्वालियर आए। सभी ने जेएएच में सैंपल कराया। नजमा के अलावा सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नजमा को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
रामनिवास ओझा (38): पिंटो पार्क निवासी रामनिवास ओझा, पत्नी रेनू ओझा और 14 साल के बेटे अंकित ओझा के साथ 12 मई को अहमदाबाद से लौटे हैं। इनके साथ छह - सात मोटर साइकिलों पर सवार भिंड-मुरैना के लोग भी थे। रामनिवास ने सैंपल कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे बिरला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। रेनू और अंकित की रिपोर्ट निगेटिव है। रामनिवास के परिवार में 8 लोग हैं।
संदिग्ध परिस्थिति में 8 मई को हुई थी गुप्ता परिवार के बुजुर्ग की माैत
डबरा के गुप्तापुरा में रहने वाले राजेंद्र गुप्ता (76) की 8 मई को संदिग्ध मौत हो गई थी। परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया। अंतिम संस्कार और उठावनी में काफी लोग शामिल हुए। मृतक की कोरोना जांच नहीं हुई लेकिन प्रशासन ने मौत को संदिग्ध माना तो परिजनोंं के सैंपल लिए गए। इनकी रिपोर्ट में परिवार के 6 लोग संक्रमित पाये गए। इनमें राजेंंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन (62), दो बेटे पंकज(50), अनुज (47)। देवाबाई (104) पत्नी सीताराम, राधेश्याम (70) पुत्र सीताराम, राहुल (40) पुत्र राधेश्याम शामिल हैं। मृतक राजेंद्र गुप्ता की अग्रसेन चौराहा व रामगढ़ रोड पर मेडिकल की दुकान है। शुक्रवार तक दोनों खुली थीं। अग्रसेन चौराहा वाली दुकान पर खुद राजेंद्र गुप्ता बैठते थे। दूसरी दुकान पर अनुज गुप्ता।
गंगाराम के निधन पर उनके घर संवेदना व्यक्त करने गए थे दीपा और जसवंत
ठाकुर बाबा रोड निवासी दर्शन वेदानी की 53 वर्षीय पत्नी दीपा और मंगला स्कूल के सामने सराफा बाजार निवासी 60 वर्षीय जसवंत जीवतानी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये दोनों ही कोरोना संक्रमित मृतक गंगाराम रोहिरा के घर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए गए थे। दीपा गंगाराम रोहिरा की रिश्तेदार हैं और उनके पड़ोस में ही रहती है।
भिंड: गोहद में 11 साल का किशोर पॉजिटिव
जिले में शनिवार को एक और पॉजिटिव मरीज मिला। गाेहद के कोरोना पाॅजिटिव शमशाद खान का 11 वर्षीय बेटा नौशाद भी संक्रमित निकला है। गाेहद के वार्ड 9 अब्दुलपुरा निवासी शमशाद (32) पुत्र हबीब खान का परिवार पिछले दिनों अहमदाबाद से लौटा था। यह कुल 18 लोग आए थे। इनमें से अब तक 6 कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। वहीं 12 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जिले में अब कुल 17 कोरोना संक्रमित मरीज हो गए हैं।
मुरैना: दो और पॉजिटिव मिले, इनमें आगरा में इलाज करा रही कैंसर पीड़ित महिला भी
मुरैना जिले के अंबाह के लोलकी गांव का 27 साल का युवक अपनी गर्भवती पत्नी, एक परिजन व 15 लोगों के साथ अहमदाबाद से लौटा था। उसकी पत्नी को ब्लीडिंग के चलते मुरैना से ग्वालियर रैफर किया गया, जहां उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला का पति भी शनिवार को कोरोना से संक्रमित मिला है। वहीं शहर की वनखंडी रोड पर अमर कॉन्वेंट स्कूल वाली गली में रहने वाली एक कैंसर पीड़ित महिला भी आगरा में संक्रमित पाई गई है। महिला 10 मई को इलाज कराने आगरा गई थी। इस महिला का इलाज आगरा में ही इलाज चल रहा है। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम वनखंडी रोड इलाके में पहुंची और महिला के परिवार के 15 लोगों को क्वारेंटाइन किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Lz8D2H
via IFTTT
