मानसून पूरी तरह से मेहरबान हो इसका इंतजार बीते माह की तरह अब भी किया जा रहा है। एक-दो दिन बादल आये कुछ बरसे भी लेकिन एक बार फिर उमस भरी गर्मी से लोग बेचैन हैं। शनिवार के दिन तो लोग दिनभर गर्मी और उमस से परेशान रहे। दिन की शुरूआत से धूप खिली रही। शाम तक कुछ बादल छाये लेकिन कहीं भी बारिश नहीं हुई। शाम के समय उमस भरी गर्मी और बढ़ गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक होने से बादलों के साथ उमस बढ़ रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के लायक हालात मध्यप्रदेश में बन रहे हैं लेकिन कुछ स्थानों में कम दबाव न बन पाने की वजह से अपेक्षा के अनुरूप बारिश नहीं हो पा रही है। मध्यप्रदेश में जबलपुर के अलावा ग्वालियर और भिंड ऐसे जिले हैं जहाँ पर औसत से कम वर्षा हुई, शेष स्थानों में फिर भी बारिश को लेकर स्थिति बेहतर है। संभाग के जिलों में तो बारिश अच्छी है पर मुख्यालय में नहीं हो रही है। जबलपुर में शनिवार के दिन तक औसत बारिश से आकलन किया जाए तो 37 फीसदी वर्षा कम हुई है। जो औसत बरसात अभी तक होना चाहिए उससे हम पीछे हैं। शहर और आसपास अभी 2 किलोमीटर प्रतिघण्टे की रफ्तार से दक्षिणी-पश्चिमी हवाएँ चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों में गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है।
अच्छे मानसून के लिए परियट में इंद्रदेव की विशेष पूजा
शहर में अच्छी बारिश की कामना को लेकर प्रति वर्ष नगर निगम की ओर से परियट जलाशय में पूजन-अर्चन किया जाता है। ईश्वर से यह कामना की जाती है कि सभी जलाशय भर जाएँ ताकि आगामी वर्ष मेंगर्मी का मौसम आसानी से कट जाए और शहर को जलसंकट का सामना न करना पड़े। प्रति वर्ष भरपूर वर्षा के लिए इंद्रदेव की पूजा करते आ रहे पूर्व जल प्रभारी श्रीराम शुक्ला ने इस वर्ष भी परियट पहुँचकर भगवान इन्द्र की पूजा की। जलाशय के पास स्थित मंदिर में हनुमान जी, शिव जी के पूजन उपरांत परियट के किनारे भगवान इन्द्र देव का पूजन किया और शहर की सुख, समृद्धि के लिए भरपूर वर्षा की प्रार्थना की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3e4f3Tb
via IFTTT