कांग्रेस ने 15 महीने की सत्ता में भी प्रदेश भर में माफिया को खत्म करने का काम किया। जबकि भाजपा द्वारा माफिया को पाले जाने का काम किया जाता है, अब प्रदेश में ये अभियान बंद कर दिया गया है। ये बात राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कही। रविवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान प्रेस कांफ्रेंस में श्री सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के जाने से कांग्रेस खत्म नहीं हुई, बल्कि जिंदा हो गई। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस बात को ग्वालियर में साबित भी किया।
उन्होंने कहा,भाजपा द्वारा भीड़ बुलाकर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। कोविड नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। जबकि गणेश पंडाल लगाने पर इन्हें कोरोना फैलता दिखता है। इस दौरान श्री सिंह ने श्री सिंधिया के कांग्रेस में रहते पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा को लेकर दिए बयानों के वीडियो भी दिखाए।
धरने में पहुंचे दिग्विजय, बोले-दम से लड़ो
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच भाजपा के सदस्यता कार्यक्रम आयोजन के विरोध में युवा कांग्रेस ने रविवार को लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर धरना दिया। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी इस धरने में शामिल होने पहुंच गए और युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हेवरन कंषाना व दूसरे कार्यकर्ताओं से बोले कि सरकार दबाने की कोशिश करेगी। लेकिन दबना नहीं, भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़नी है।
इस दौरान उनके साथ विधायक गोविंद सिंह, लाखन सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, उपाध्यक्ष अशोक सिंह, बालेंदु शुक्ल, शहर अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे। श्री सिंह ग्वालियर प्रवास के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे बृजमोहन परिहार के घर पहुंचे, वहां परिवार से मिल दिवंगत परिहार के निधन पर शोक व्यक्त किया। बीते दिनों बृजमोहन परिहार का निधन दिल्ली के एक अस्पताल में हो गया था। फिर श्री सिंह छत्री बाजार में कांग्रेस नेता कृष्णकांत समाधिया के निवास पर भी पहुंचे और उनकी माताजी रमादेवी के निधन पर शोक जताया। दिग्विजय सिंह पं. सतीश कौशिक के घर गणेश पूजन में शामिल हुए और मुरार में सौरभ जैन के यहां भोजन कर दोपहर 3.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32clqQs
via IFTTT
No comments:
Post a Comment