अनलॉक-1 में स्पा की अनुमति नहीं होने के बावजूद मालवीय नगर में संचालित हो रहे पॉलिश स्पा पर नगर निगम ने 50 हजार का चालान कर दिया। स्पा के कर्मचारी मास्क भी नहीं लगाए हुए थे। लेकिन इस कार्रवाई के दौरान खुद निगम के एएचओ अजय श्रवण मास्क लगाना भूल गए।
नवागत कमिश्नर वीएस चौधरी कोलसानी को इस बात की जानकारी मिली तो 50 हजार की रकम सुन कर वे भी चौंक गए। उन्होंने कहा कि हमें लोगों से नियम का पालन कराना है, लेकिन जुर्माना व्यवसायिक होना चाहिए। मास्क नहीं लगाने पर प्रति व्यक्ति 500 रुपए का स्पाट फाइन लगाया जा सकता है। बिना अनुमति के प्रतिष्ठान खुला पाए जाने पर कार्रवाई का अधिकार भी जिला प्रशासन को है। लाइसेंस नहीं होने पर भी निगम अधिकतम 15 हजार का चालान कर सकता था।
चालान का जो चेक लिया गया है उस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यह 15 जुलाई का है, जबकि ऐसी कार्रवाई में पोस्ट डेटेड चेक लेने का नियम नहीं है। इसमें यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह किस शहर के निगम के लिए है। इस बारे में श्रवण ने कहा कि इस स्पा- सैलून के पास लाइसेंस नहीं था। बाहर कचरा पड़ा था, इसे देख वे भीतर गए। करीब 3 घंटे की बहस के बाद स्पा संचालिका करिश्मा कम्मानी चालान देने पर सहमत हुईं। उन्होंने कहा कि बहुत देर तक बहस होने से उन्होंने मास्क निकाल लिया था। श्रवण ने कहा कि बिना लाइसेंस के स्पा आदि के संचालन पर तो 1 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30ywxnD
via IFTTT
