लॉकडाउन के बाद हाईवे पर अभी तक ट्रक चालकों को लूट रहे बदमाशों ने अब बैंक को टारगेट करते हुए मंगलवार-बुधवार रात 2.15 बजे ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की तुरारी स्थित शाखा की पहले दीवार फोड़ी, इसके बाद खिड़की की ग्रिल काटकर दो बदमाश बैंक में घुस गए। यहां बदमाश स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए, यहां बदमाशों ने करीब 21 मिनट तक कभी लॉकर का लॉक को खोलने की कोशिश की तो कभी उसका तार काटने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। जब लॉकर नहीं खुला तो बैंक के अंदर सामान उथल-पुथल कर खाना तलाशी करते रहे। जब कुछ भी हाथ नहीं लगा तो खिड़की के रास्ते ही बदमाश भाग गए। बैंक के अंदर करीब 30 मिनट तक बदमाश रहे, लेकिन बैंक के अंदर का सायरन तक नहीं बजा।
बुधवार सुबह 9.25 बजे बैंक के चपरासी भगवान दास यादव ने बैंक का गेट खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। भगवान दास ने सबसे पहले बैंक की असिस्टेंट मैनेजर ज्योति को फोन लगाया।
असिस्टेंट मैनेजर ने ब्रांच मैनेजर सतेंद्र सिंह को बुलाया। जब इन लोगों ने अंदर देखा तो सामान बिखरा था और बैंक के बाईं तरफ की दीवार फूटी थी। दीवार के बाद एक खिड़की की ग्रिल कटी पड़ी थी। जब सीसीटीवी कैमरा देखा तो दो बदमाश बैंक के अंदर दिखे। यह लोग स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। यह पूरी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर झांसी रोड थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले 17 अप्रैल की रात जयेंद्रगंज स्थित सिंडिकेट बैंक में भी बदमाश घुस गए थे। लेकिन कुछ चोरी नहीं कर पाए।
बदमाशों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है। पुलिस की थ्योरी के मुताबिक बदमाश नौसीखिए हैं। इन्होंने मुंह पर कपड़ा भी नहीं लगाया था।
पीएचक्यू ने चेताया था
पुलिस मुख्यालय ने अनलॉक-1 से पहले ही पुलिस अफसरों को चेताया था कि बैंक और बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि बाजार खुलते ही बदमाश सक्रिय होंगे। ग्वालियर में बैंक के अफसरों के साथ शहर में ही बैठक हुई। हाईवे स्थित बैंक के अफसरों के यहां न तो पुलिस अफसर चेकिंग के लिए पहुंचे और न ही कोई बैठक इनके साथ की।
बैंक में सिक्योरिटी गार्ड लंबे समय से नहीं है
बैंक में चोरी का पता सुबह लगा। बैंक में सिक्योरिटी गार्ड लंबे समय से नहीं है। गार्ड रखना है या नहीं यह पूरी व्यवस्था हाई अथॉरिटी देखती है। यह हमारे हाथ में नहीं है। बैंक के बगल में एक निर्माणाधीन मकान है। पहले इसकी दीवार तोड़ी, फिर बैंक की दीवार तोड़ी। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहता है, इसलिए बदमाश इसे खोल नहीं पाए।
- सतेंद्र सिंह, ब्रांच मैनेजर, सेँट्रल बैंक ऑफ इंडिया
कुछ संदेहियों को पूछताछ के लिए पकड़ा है
बैंक में चोरी की कोशिश हुई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर तलाश कर रहे हैं। कुछ संदेहियाें को पूछताछ के लिए पकड़ा है। जिससे इनकी पहचान हो सके।
रमेश शाक्य, टीआई, थाना झांसी रोड
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Z9bp51
via IFTTT
