डेयरी फार्म में काम करने वाले सुपरवाइजर ने बुधवार को पत्नी की गोली मारकर बुधवार को हत्या कर दी। आरोपी ने मंगलवार को रातभर शराब पी। सुबह करीब 10 बजे जब उसकी नींद खुली तो फिर शराब की बोतल खोलकर बैठ गया। जैसे ही उसकी पत्नी ने टोका तो अलमारी से कट्टा निकालकर उसने गोली मार दी। महिला के कान और जबड़े की बीच में गोली लगी, जिससे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी और दम तोड़ दिया। गोली मारने के बाद आरोपी अपने घर से भाग गया। यह घटना बिजौली की है। देर रात तक आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका।
बिजौली थाना प्रभारी एसएस परमार ने बताया कि ग्राम सुमेरपाड़ा निवासी बलवीर सिंह एक डेयरी फार्म में सुपरवाइजर है। वह शराब का नशा करने का आदी है। मंगलवार शाम से उसने शराब पीना शुरू की। रात करीब 11 बजे उसकी पत्नी सरबजीत कौर (40) ने उसे टोका तो उसने पत्नी की मारपीट कर दूसरे कमरे में भगा दिया। सुबह करीब 4 बजे वह सो गया। बुधवार सुबह करीब 10 बजे नींद खुलने पर बलवीर ने फिर शराब की बोतल खोल ली। पत्नी ने उसे टोका तो पत्नी की मारपीट की और अलमारी से कट्टा निकालकर गोली चला दी। गोली लगते ही पत्नी गिर पड़ी। बलवीर दूसरे कमरे में गया, यहां उसका बेटा सहदेव था। बेटे ने अंदर कमरे में जाकर देखा तो उसकी मां खून से लथपथ पड़ी थी। तब तक उसका पिता भाग गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। जिस कट्टे से गोली चलाई, वह बरामद हो गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने उसके दोस्त के घर भी दबिश दी जिसके साथ वह अक्सर रहता था लेकिन वह यहां नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि बलवीर के रिश्तेदारों का कहना था वह लॉकडाउन से पहले रात में ही शराब पीता था। लेकिन फिर डेयरी फार्म पर कुछ दिन काम पर नहीं बुलाया गया। इसके चलते वह दिनभर शराब पीने लगा। दिनभर शराब पीने के कारण सरबजीत परेशान थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37XiOIZ
via IFTTT
