दिल्ली से मामा के लड़के की शादी में शामिल होने आया युवक ग्वालियर में पॉजिटिव निकला है। वहीं महिला थाना के एएसआई इंद्रभूषण चतुर्वेदी के संपर्क में आने से उनकी पत्नी, बेटे सहित चार लोग ओर संक्रमित हुए हैं। साथ ही कोरोना पॉजिटिव युवक की दो भतीजियां भी पॉजिटिव हो गई हैं। शुक्रवार को जिले कुल 10 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। इस प्रकार से जिले में अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या 199 पर पहुंच गई है। हालांकि इनमें एक्टिव पॉजिटिव 70 हैं।
यहां बता दें कि शुक्रवार को जिले में जीआरएमसी से 134 सैंपल की रिपोर्ट आई, जिसमें 10 नए पॉजिटिव आए हैं। वहीं दो पुराने मरीजों की दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला थाने के एएसआई इंद्रभूषण चतुर्वेदी 24 जून, बुधवार को कोरोना पॉजिटिव आये थे। वे ट्रैफिक एएसआई संतोष अवस्थी के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए।
वहीं चतुर्वेदी के पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए गए, जिसमें उनकी पत्नी आदर्श (50) और बेटा वरुण (27) के साथ अशोक शर्मा (55) पुत्र रामबाबू निवासी अटेर रोड और धर्म सिंह (29) पुत्र मुन्ना लाल निवासी मातादीन का पूरा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। धर्म सिंह जेल आरक्षक हैं। वे अभी छुट्टी पर भिंड आये थे। जबकि अशोक होमगार्ड में सिपाही हैं। इनके अलावा बुधवार को पॉजिटिव आए राहुल श्रीवास के संपर्क में आने से उनकी दो भतीजियां पायल (4) और रौनक (8) पुत्री अरविंद संक्रमित हो गई हैं। हालांकि इनकी मां और एक बीच वाली बहन की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
आरोग्य सेतु एप ने बताया पॉजिटिव के संपर्क में, जांच में निकले संक्रमित
शहर के वार्ड 26 सरोज नगर निवासी दीपू राठौर (26) पुत्र सुघर सिंह सदर बाजार में नेमी नल वाले कि दुकान पर कार्य करते हैं। बुधवार को उनके मोबाइल में आरोग्य सेतु एप ने बताया कि वे कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में हैं। इस पर उन्होंने अस्पताल आकर अपनी जांच कराई, जिसकी आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी प्रकार वार्ड 35 मधुवन कॉलोनी निवासी उदय सिंह (50) पुत्र रामदास बीएसएनएल ऑफिस में कार्य करते हैं। 17 बटालियन स्टाफ के पॉजिटिव आने के बाद वे गुरुवार को अपनी जांच कराने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके दफ्तर में बटालियन से लोग बिल भरने आते हैं। इसलिए हो सकता है कि वे संक्रमित हो गए हो। उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि महावीर गंज निवासी विदेश जैन (64) पुत्र अग्रसेन जैन को बुखार आ रहा था। उनके सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3g61STt
via IFTTT
