कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच धार्मिक आयोजनों को लेकर सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसे लेकर भास्कर ने गणेशोत्सव के बड़े पंडाल लगाने वाले आयोजकों से बात की। आयोजकों के मुताबिक इस बार उन्होंने अपने सभी आयोजन निरस्त कर दिए हैं। वे पंडाल नहीं लगाएंगे। कलश स्थापना और गणेशजी की छोटी मूर्ति बैठाएंगे। आरती में भी एक-दो लोग रहेंगे।
हे प्रभु! कोरोना मिटाने के लिए अब कड़े फैसले लेना जरूरी, इसलिए परंपरा जारी रखने रस्म निभाएंगे
- जयरामपुर कॉलोनी में 37 साल से गणेशोत्सव कर रही सार्वजनिक महोत्सव समिति ने सारे आयोजन निरस्त कर दिए हैं। अध्यक्ष प्रकाश लालवानी ने कहा जहां पंडाल लगाते हैं वहां पर एक छोटे से स्थान पर ध्वज लगाकर कलश रखेंगे। गणेशजी की छोटी मूर्ति विराजित करेंगे।
- नूतन मंडल, जेल रोड में भी सारे आयोजन निरस्त कर दिए हैं। विजय धीमान के अनुसार मंदिर के अंदर गणेशजी की मूर्ति विराजित करेंगे।
- सिंधी कॉलोनी में अमर उत्सव मंडल 58 साल से गणेशोत्सव का आयोजन कर रहा है। आयोजन समिति से जुड़े सुनील वाधवानी ने कहा इस बार सिर्फ गणेशजी की छोटी प्रतिमा विराजित करेंगे।
- इंदौर के राजा के आयोजन भी इस बार निरस्त रहेंगे। आयोजक अभय दुबे के अनुसार कोरोना को देखते हुए ऐसा करना जरूरी है।
- संस्था मातृभूमि, सागर चौराहा (मल्हारगंज) पर भी गणेशोत्सव का पंडाल अौर आयोजन निरस्त रहेंगे। आयोजक जयदीप जैन के अनुसार परंपरा के निर्वाह के लिए गणेशजी की छोटी मूर्ति बैठाएंगे।
- पालदा के राजा के आयोजक मनोज वर्मा ने कहा जो भी गाइडलाइन बनेगी, हम उसका पूरी तरह से पालन करेंगे।
- सिंधी क्लब युवा समिति, सर्वोदयनगर में गणेशजी की छोटी प्रतिमा बैठाई जाएगी। आयोजक बंटी बदलानी ने कहा अन्य कार्यक्रम रद्द रहेंगे।
- सिद्धि विनायक मित्र मंडल, जयरामपुर में इस बार सिर्फ गणेशजी की स्थापना होगी। आयोजक जय राजदेव के अनुसार पंडाल नहीं लगेगा।
- कड़ाबीन का राजा, बड़ा गणपति ने भी सारे आयोजन निरस्त कर दिए। आयोजक ठाकुर भाईजी के अनुसार एक व्यक्ति रोजाना आरती करेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3j0Zy29
via IFTTT
