कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या और उन्हें मेडिकल में ही भर्ती किए जाने के प्रशासनिक निर्णय से अब 64 बेड क्षमता वाले सुपर स्पेशिएलिटी का कोविड वार्ड लगभग भर गया है। अब नए मरीजों को मेडिकल अस्पताल के चार वार्डों में रखने की तैयारी चल रही है। संभवत: गुरुवार से यहाँ के 3 से 6 नंबर वार्ड में ऐसे कोविड पॉजिटिव मरीजों को भर्ती किया जाएगा जिन्हें उपचार में ऑक्सीजन की जरूरत नहीं होगी। सुपर स्पेशिएलिटी में गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। संक्रमितों की संख्या में तेज वृद्धि की संभावना पर गंभीर मरीजों के बढ़ने की स्थिति में मेडिकल अस्पताल को पूरी तरह से कोविड मरीजों के लिए रखने की तैयारी है।
विक्टोरिया में होगा इलाज
जब मेडिकल अस्पताल कोविड मरीजों के लिए ही होगा उस स्थिति में वहाँ भर्ती मरीजों को विक्टोरिया या रेलवे अस्पताल में भर्ती किया जा सकता है। डीन डॉ. प्रदीप कसार का कहना है कि वे दूसरे मरीजों को इलाज देने में कोई कोताही नहीं बरतेंगे। अभी उस संभावना पर योजना बनाई जा रही है कि गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ने तथा उन्हें आईसीयू की आवश्यकता पर उपचार कैसे दिया जाएगा। इसके लिए मेडिकल अस्पताल के विभिन्न विभागों के आईसीयू भी कोविड के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं। डॉ. कसार ने बताया कि हमारे डॉक्टर विक्टोरिया-रेलवे अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज करेंगे।
मशीन आई, वीसी से इंस्टालेशन, आज होगी टेस्टिंग
मेडिकल की वायरोलॉजी लैब में कोरोना टेस्टिंग क्षमता संभवत गुरुवार से बढ़ जाएगी
आरएनए एक्सट्रेशन मशीन बुधवार को मेडिकल पहुँची। इसका इंजीनियर शहर नहीं आ सका, लेकिन उसने यहाँ के स्टाफ को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए इंस्टालेशन की प्रोसेस बताई। बुधवार रात तक उसके बताए अनुसार इंस्टालेशन कार्य चला। कहा जा रहा है कि गुरुवार को मशीन की टेस्टिंग की जाएगी, इस दौरान इंजीनियर वीडियो काॅलिंग के जरिए प्रक्रिया समझाएगा। सब कुछ ठीक रहा तो गुरुवार से ही लैब में टेस्टिंग क्षमता बढ़ेगी। कलेक्टर भरत यादव ने पूर्व में बताया था कि इस मशीन के आने के बाद लैब में 500 सैम्पल प्रतिदिन जाँचे जा सकेंगे। एक जुलाई से किल कोरोना अभियान शुरू होने तथा पूल टेस्टिंग में तेजी आने से बड़ी संख्या में सैम्पल लिए जा रहे हैं, आईसीएमआर और मेडिकल लैब में जाँच क्षमता कम होने के कारण पेंडेंसी बढ़ी है। वर्तमान में तीन दिन में सैम्पल रिपोर्ट मिल रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2DrtoNf
via IFTTT
No comments:
Post a Comment