बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब से सोमवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है।पॉजिटिव मरीज 32 वर्षीय श्रीराम नगर कॉलोनी का निवासी है। जो तिलकगंज के एक बैंक में फाइनेंस का काम देखता था। इस बैंक में पूर्व में एक और क्लर्क भी पॉजिटिव मिल चुका है। जिससे दूसरे बैंक कर्मी को संक्रमण आशंका है। मरीज की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव निकलने के बाद उसे बीएमसी में भर्ती कर दिया गया। सागर में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 423 पर पहुंच गया है।
देर रात तक नहीं आई संदिग्ध की रिपोर्ट
बीएमसी के सारी वार्ड में भर्ती 75 वर्षीय वृद्ध की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के सैंपल जांच में लिए गए थे। लेकिन रिपोर्ट देर रात तक भी नहीं आई है। जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय वृद्ध रविदास वार्ड निवासी थे। इन्हें 3 दिन से सर्दी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ थी। 2 दिन पहले उन्हें बीएमसी के सारी वार्ड में भर्ती किया गया था, जहां सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। सोमवार को बीएमसी से 2 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। जिन्हें डॉक्टरों ने 14 दिन होम क्वॉरेंटाइन रहने के निर्देश दिए। बीएमसी से अब तक 294 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
30 अधिवक्ताओं के सैंपल जांच के लिए बीएमसी भेजे
कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के लिए सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में जिला कोर्ट में जांच शिविर लगाया गया। शिविर में जांच के बाद अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे, बीके यादव, महेश नेमा, श्यामलाल सोनी, मनोज यादव, वैभव यादव, नारायण साहू, राजेश जैन, शैलेंद्र दुबे संघ के सदस्यों तथा कोर्ट के कर्मचारियों सहित करीब 30 अधिवक्ताओं के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
10 दिन तक सैंपल न होने पर क्वॉरेंटाइन सेंटर में लोगों ने किया हंगामा
इधर क्वॉरेंटाइन सेंटर स्वास्थ्य विभाग के हवाले होने के बाद लगातार लापरवाही सामने आ रही है। जिसमें सोमवार को ज्ञानोदय कॉलेज में क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों ने सैंपलिंग में देरी के चलते हंगामा कर दिया। लोगों का कहना था कि उन्हें 10 दिन से क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया है जिसमें बच्चे महिलाएं और वृद्ध भी शामिल हैं। 4 दिन पहले उन्हें सैंपल के लिए जिला अस्पताल लेकर गए थे, लेकिन वहां से बगैर जांच के वापस लौटा दिया। हंगामे की सूचना के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Z4MvVJ
via IFTTT
No comments:
Post a Comment