कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षा में शामिल हुए छात्रों के लिए अच्छी खबर है। नवमीं और ग्यारहवीं में सप्लीमेंट्री पाने वाले परीक्षार्थियों को अब दोबारा परीक्षा नहीं देना होगी। जिन प्राइवेट स्कूलों में अभी परीक्षा नहीं हुई है या रिजल्ट नहीं बन पाए हैं ऐसे स्कूलों के नौवीं और ग्यारहवीं के छात्रों को भी जनरल प्रमोशन का लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग के आदेश से जिले के करीब 25 हजार छात्रों को जनरल प्रमोशन मिलने से सीधे अगली कक्षा में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
सरकारी स्कूलों में परीक्षा 12 मार्च को पूरी हुई थी। इसमें कक्षा नौ के 14401 परीक्षार्थियों ने इम्तहान दिया था। 507 छात्र परीक्षा देने उपस्थित नहीं हुए थे। 23 मार्च को ऑनलाइन घोषित परीक्षा परिणाम में 4749 छात्रों की सप्लीमेंट्री आई थी। 9636 परीक्षार्थी नवमीं में पास हुए हैं। जिनमें 148 छात्र एक प्लस ग्रेड में 690 ए ग्रेड में, 2988 बी ग्रेड में 4624 सी ग्रेड में पास हुए हैं। इसी प्रकार 11वीं की परीक्षा में 854 परीक्षार्थी सप्लीमेंट्री आए हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए 5417 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराए थे। 61 परीक्षा देने नहीं आए। 4502 ने 11वीं की परीक्षा पास की । जिसमें 24 ए प्लस ग्रेड में, 501 ए ग्रेड में, 2008 बी ग्रेड में व 1785 सी ग्रेड में आए हैं। ई-1 ग्रेड में 502 व ई-2 ग्रेड में 352 परीक्षार्थी आए हैं। सप्लीमेंटरी में आए छात्रों को परीक्षा का तनाव ना हो और वह अगली कक्षा की पढ़ाई शुरू कर सके इसलिए विभाग ने आदेश जारी किया है। मार्कशीट और टीसी पर कोविड के चलते पदोन्नत की सील भी लगाई जाएगी। पूरक परीक्षा वाले विद्यार्थी सीधे अगली कक्षा में प्रमोट हो जाएंगे।
सीबीएसई... नए कोर्स अप्लाइड मैथमेटिक्स की हैंडबुक जारी
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 11वीं और 12वीं क्लास के लिए शुरू किए गए अप्लाइड मैथमेटिक्स की हैंडबुक जारी कर दी हैं। अप्लाइड मैथमेटिक्स की शुरुआत 2020-21 एकेडमिक सेशन से ही की गई है। इसका सिलेबस जारी करने के साथ ही अब बोर्ड ने हैंडबुक भी रिलीज कर दी है। ह्यूमैनिटीज और कॉमर्स के छात्रों को ध्यान में रखते हुए इस नए विषय को सिलेबस में शामिल किया गया है। हैंडबुक में सिलेबस के साथ-साथ नए कोर्स के लिए प्रैक्टिस का कंटेंट भी दिया गया है। यह सब्जेक्ट इसी सत्र से शुरू किया गया है, इसलिए अभी इसकी किताबें उपलब्ध नहीं हो पाई हैं।
इन छात्रों को मिलेगा लाभ : सरकारी स्कूलों में जहां कक्षा 9वीं और 11वीं में सप्लीमेंट्री आई है। उनको प्रमोशन देकर पास किया जाएगा।ऐसे निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल जहां परीक्षा तो हो गई, लेकिन रिजल्ट नहीं बन पाए। ऐसे निजी स्कूल जहां अभी 9वीं और 11वीं की परीक्षा नहीं हो पाई, उनके छात्रों को लाभ मिलेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zJhRXo
via IFTTT
