आबकारी विभाग के सस्पेंड सहायक आयुक्त जगदीश राठी को हाईकोर्ट से स्टे मिल गया है। निलंबन पर स्टे ऑर्डर मिलने के बाद वे मंगलवार शाम को विभाग में पहुंचे और चार्ज संभाला। इससे विभाग में अब दो सहायक आयुक्त हो गए हैं। इसमें राठी के अलावा सहायक आयुक्त नीरजा श्रीवास्तव शामिल हैं। जो राठी के निलंबन के बाद सहायक आयुक्त के रूप में रतलाम में ज्वाइन हुई थीं। इधर पहले से पदस्थ सहायक आयुक्त श्रीवास्तव का कहना है कि मेरे लिए आदेश नहीं है। इससे मैं ही सहायक आयुक्त रहूंगी। वहीं हाईकोर्ट के आदेश पर ज्वाइन हुए राठी का कहना है हाईकोर्ट ने मुझे जिले में काम करने की परमिशन दी है। इसलिए मैं सहायक आयुक्त रहूंगा।
मालूम हो कि नामली में हुए जहरीली शराब कांड के मामले में वाणिज्यकर विभाग के उपसचिव एसडी रिछारिया ने 20 दिन पहले 6 मई को आदेश जारी कर सहायक आयुक्त जगदीश राठी को सस्पेंड कर दिया था। उन पर अवैध शराब की बिक्री रोकने में लापरवाही बरतने का आरोप था। निलंबन के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट की शरण ली थी। इस हाईकोर्ट ने उन्हें स्टे जारी किया है। हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक सहायक आयुक्त के रूप में काम देखने के आदेश जारी किए हैं। अगली सुनवाई 29 जून को होगी।
मेरे लिए कोई आदेश नहीं है
सहायक आयुक्त नीरजा श्रीवास्तव ने बताया अभी तो मैं ही सहायक आयुक्त हूं क्योंकि मेरे लिए शासन से कोई आदेश नहीं हुए हैं। आगे देखते हैं शासन क्या डिसाइड करता है।
काम में कोई अड़चन डालेगा तो न्यायालय की अवमानना होगी : सहायक आयुक्त जगदीश राठी ने बताया हाईकोर्ट ने मुझे स्टे दिया है। साथ ही जिले में मुझे काम करने की परमिशन दी है। इससे अगली सुनवाई तक मैं ही सहायक आयुक्त रहूंगा। मैंने वन साइड ज्वाइनिंग ली है। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक मैं काम करूंगा। मेरे काम में कोई अड़चन डालेगा तो तो यह अदालत की अवमानना कहलाएगी। मेरे वकील स्टे लाए हैं। मैं तो रतलाम में ही था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dhWCv3
via IFTTT
