नगर में गुरुवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। लॉकडाउन के पहले नगर का साप्ताहिक बाजार नवीन हायर सेकंडरी स्कूल के मैदान पर लगता था। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए साप्ताहिक बाजार लगाने पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद भी साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति नहीं मिल रही है। जिससे साप्ताहिक बाजार स्थल पर दुकानें नहीं लग रही हैं। सब्जी बेचने वालों ने सड़क के किनारे दुकानें लगाकर सब्जी बेचना शुरू कर दिया है। नगर के मध्य से गुजरने वाले मुख्य मार्ग और बैरियर नाके से गांधी चौक जाने वाले मार्ग के किनारे सब्जी की दुकानें लग रही हैं। मुख्य मार्ग से दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। सब्जी बेचने वाले लगातार प्रशासन से साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने की अनुमति मांग रहे हैं। इसके बाद भी अभी तक साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाने की अनुमति नहीं मिली है। सब्जी की दुकान लगाने वालों का कहना है कि प्रशासन ने सभी प्रकार की दुकान खोलने की अनुमति दी है। सब्जी बेचने वालों को ही साप्ताहिक बाजार में दुकानें नहीं लगाने दी जा रही है। जिससे मजबूरी में सड़क के किनारे दुकान लगाना पड़ रहा है। प्रशासन काे साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने की अनुमति देना चाहिए। जिससे सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए दुकानें लगाकर सब्जी बेच सकें। इस संबंध में सीएमओ राहुल शर्मा ने बताया साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति नहीं है। सब्जी बेचने वालों को वार्डों में घूमकर सब्जी बेचनी है। सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को दुकानें नहीं लगाने की समझाइश दी जा रही है।
बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था
मुख्य मार्ग के किनारे सब्जी बाजार लगने के साथ वाहन भी खड़े होने लगे हैं। जिससे नगर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बिगड़ रही है। मासोद रोड तिराहे से जय स्तंभ चौक तक मुख्य मार्ग के किनारे दोपहिया वाहनों की कतार लगी रहती है। जिससे मार्ग से आमने-सामने से वाहन आने पर निकलने के लिए जगह नहीं बचती है। नवीन हायर सेकंडरी स्कूल के सामने सड़क के दोनों ओर सब्जी की दुकानें लगने और खरीदी करने वालों की भीड़ रहने से यहां भी वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। इसके बाद भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
पार्किंग की जगह चिन्हित करने की मांग
नगर में मुख्य मार्ग के किनारे वाहन खड़े हो रहे हैं। जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही है। नगरवासियों ने व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाने की मांग की है। जिससे लोग सड़क पर वाहन खड़े नहीं करें। लोगों का कहना है लंबे समय से पार्किंग के लिए जगह चिन्हित करने की मांग उठ रही है। इसके बाद भी अभी तक पार्किंग स्थल नहीं बनाया है। जिससे मजबूरी में लोगों को मार्ग के किनारे वाहनों को खड़ा करना पड़ता है। लोगों का कहना है नगर के मध्य से गुजरने वाले मार्ग के किनारे दुकानें स्थित हैं। दोपहिया सहित अन्य वाहनों से खरीदी करने आने वालों के लिए पार्किंग स्थल नहीं है। जिससे वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करना पड़ता है। वाहनों के पार्किंग के लिए जगह चिंहित की जाना चाहिए।
तीन जगह लगने लगा सब्जी बाजार
नगर में गुरुवार और रविवार के दिन साप्ताहिक बाजार में ही सब्जी की दुकानें लगती थीं। साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकानें लगना बंद होने के बाद अब तीन स्थानों पर सब्जी बाजार लगने लगा है। मुख्य मार्ग के किनारे सब्जी बाजार लगने के साथ थाना रोड और बैतूल रोड क्षेत्र में मंगलवार बाजार स्थल पर भी सब्जी बिकना शुरू हो गई है। जिससे तीनों ही स्थानों पर लोगों की भीड़ लग रही है। सभी स्थान सड़क के किनारे होने से हादसे का डर रहता है। सब्जी बेचने वालों का कहना है कि साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने की अनुमति मिलने के बाद गुरुवार और रविवार को एक ही स्थान पर बाजार लगेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gBtY9I
via IFTTT
No comments:
Post a Comment