गोले का मंदिर से महाराजपुरा, भिंड रोड की आबादी के बीच ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा बड़ा बाजार तैयार कराया जा रहा है। शताब्दीपुरम में अनिल भाटिया डुप्लेक्स स्कीम के पास तैयार हो रहे इस बाजार में शाॅपिंग काॅम्पलेक्स, रेस्त्रां, मल्टीप्लेक्स और ऑफिस चेंबर भी बनाए जाएंगे। ढाई लाख से अधिक आबादी वाले क्षेत्र को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे इस बाजार में डेवलपमेंट के काम शुरू हो चुके हैं और पहले चरण में यहां बिजली-पानी के लिए टंकी और विद्युत उपकेंद्र को तैयार किया जा रहा है। लॉकडाउन में यहां काम बंद करा दिया गया है लेकिन इसके खुलते ही काम चालू होगा और 4-5 महीने बाद यहां बुकिंग शुरू हो जाएगी।
26 बीघा जमीन पर बनाया जाएगा, मुरैना-भिंड रोड जुड़ने के साथ ही बढ़ेगा क्षेत्र का विकास
- शताब्दीपुरम में ग्वालियर विकास प्राधिकरण ने अनिल भाटिया आवासीय योजना के तहत डुप्लेक्स तैयार कराए हैं। यहां से मुख्य बाजार काफी दूर है, साथ ही इस योजना के पास ही 7 हजार प्लॉट की नई कॉलोनी भी तैयार हो रही है इसलिए यहां ये बाजार तैयार कराया जा रहा है। 26 बीघा जमीन पर ये बाजार अगले कुछ महीनों में तैयार हो जाएगा। फिर गोले का मंदिर, पिंटो पार्क, दीनदयाल नगर, आदित्यपुरम, शताब्दीपुरम, अमलताश कॉलोनी और महाराजपुरा समेत कई क्षेत्र के लोगों को बीचों-बीच बड़ा बाजार मिलेगा।
- शताब्दीपुरम और इससे सटे भदरौली-मऊ को जोड़ने के लिए 2 रेल ओवर ब्रिज शर्मा फार्म रोड से तैयार हो रहे हैं। जिनके बनने पर भिंड रोड और शताब्दीपुरम, दीनदयाल नगर से शर्मा फार्म रोड-हजीरा के बीच की दूरी कम हो जाएगी। लोगों को पिंटो पार्क और गोले का मंदिर चक्कर लगाकर नहीं जाना पड़ेगा। प्राधिकरण का मानना है कि आरओबी का काम पूरा होने तक बाजार का भी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो जाएगा। ऐसे में कनेक्टिविटी और सभी सुविधाओं के साथ ये क्षेत्र लोगों की पसंद बनेगा।
- ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा शताब्दीपुरम आवासीय योजना का भी विस्तार किया जा रहा है। जिसके तहत शताब्दीपुरम फेस 4 कॉलोनी तैयार हो रही है। जिसमें 7 हजार प्लॉट होंगे और ये कॉलोनी शताब्दीपुरम और शर्मा फार्म रोड के बीच में रहेगी। इस जगह पर बसाहट से मऊ, जमाहर, भदरौली से होते हुए जलालपुर तक विकास के रास्ते खुलेंगे। अभी ये क्षेत्र शहर और विकास से अलग-थलग है, यहां सुविधाओं का अभाव है।
लॉकडाउन के बाद काम शुरू होंगे
शताब्दीपुरम में व्यवसायिक बाजार तैयार किया जा रहा है। इसके डेवलपमेंट के काम चालू करा दिए थे जो लॉकडाउन के बाद फिर शुरू हो जाएंगे। ये बाजार शुरू होने के बाद इस क्षेत्र के करीब ढाई लाख लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलने लगेगी।-वीरेंद्र सिंह, सीईओ, ग्वालियर विकास प्राधिकरण
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XNXuCz
via IFTTT
