जिले का पहला पॉजिटिव मरीज बुधवार को उदयगढ़ में मिला। शाम को ही यहां प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का अमला पहुंचा और क्षेत्र को सील कर इसे कंटनमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया गया। जनशिक्षक के पॉजिटिव मिलने के बाद से लोगों में खौफ का माहौल हो गया। किसी को घरों से बाहर नहीं निकले दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगाें के घर-घर जाकर उनकी जांच कर रही हैं। मरीज के संपर्क में आए करीब 11 कर्मचारियों के अब तक सैंपल लिए गए हैं। दो लोगों को जिला अस्पताल के क्वारेंटाइन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
उयदयगढ़ को सैनिटाइज कराया गया। खासकर मरीज के घर के आसपास वाले क्षेत्र में ज्यादा ध्यान दिया गया। मरीज नहीं मिलने से पहले तक क्षेत्र में सुबह आवश्यक वस्तुओं की कुछ दुकानें खुलती थी, जो गुरुवार को पूरी तरह बंद रही। लोग घरों से बाहर नहीं निकल सके। पहले दिन प्रशासन ने होम डिलीवरी की भी कोई व्यवस्था नहीं की, जिससे लोग दूध, सब्जी आदि जरूरी सामग्री के लिए परेशान होते रहे। होम क्वारेंटाइन किए लाेगों के घरों के बाहर जवानों की ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं उदयगढ़ पुलिस ने आने-जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया। शाम को डीआईजी इंदौर रूरल सहित कलेक्टर, एसपी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
जनशिक्षक को किया इंदौर रैफर
इधर.. पाॅजिटिव पाए गए जनशिक्षक को बुधवार रात को इंदौर रैफर कर दिया गया। 108 के पायलेट महेश मंडलोई, इएमटी जवसिंह बामनिया रात करीब करीब 2 बजे मरीज को लेकर इंदौर के लिए निकले और 3 घंटे में उसे अस्पताल पहुंचाया। कोरोना वॉरियरर्स 108 के कर्मचारियों ने कहा कि देश को इस मुसीबत से निकालने के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे। परिवार वाले हमारी चिंता करते है। हम लगातार अपना काम ईमानदारी से कर रहे हैं।
यहां... इंदौर से बाइक लेकर रात में खट्टाली पहुंचे दो युवक, आइसाेलेशन में रखा, सैंपल भेजेंगे
खट्टाली | बुधवार रात दो युवक इंदाैर से बाइक पर गांव में पहुंचे। लोगों को सुबह इसकी सूचना चौकी प्रभारी कुलदीपसिंह राठौर व उपनिरीक्षक सोबरनसिंह पाल को मिली। राठौर, पटवारी नीतेश अलावा व अमले के साथ दोनों युवकों के घर पहुंचे। दोनों युवकों की जांच कराई गई। तहसीलदार कैलाश सस्तेया के निर्देश पर दोनों युवकों को 14 दिन आइसोलेशन के लिए इंदौर भेजा गया है। पटवारी अलावा ने बताया दोनों युवकों का सैंपल जांच के लिए भेजेंगे। दोनों के घरों के बाहर कोरोना संबंधी नोटिस लगाए गए हैं।
कंटेनमेंट बने आजाद नगर में जरूरी सामान की होगी होम डिलीवरी : एसडीएम
चंद्रशेखर आजाद नगर | जिले में एक व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने व उसके यहां सपंर्क में आने से नगर को भी कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित किया गया है। एसडीएम महेश बड़ाेले ने ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को बताया कि क्षेत्र में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 20 अप्रैल तक कर्फ्यू लगाया गया है, जिसके चलते जनसामान्य को आवश्यक उपभोग की वस्तु की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से घर पहुंच सेवा के तहत क्षेत्र के पटवारी एवं शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वार्डों में रहने वाले लोगों से आवश्यक वस्तु की सूची प्राप्त कर उन्हें सामग्री उपलब्ध कराएंगे। दूध विक्रेता सुबह 6 से 8 के बीच घर-घर उपलब्ध कराएंगे। किराना सामग्री एवं दवाई के लिए वार्ड में निर्धारित टीम को सुबह 8 से 10 बजे तक सूची उपलब्ध करानी होगी। जिसकी पूर्ति 1 से 2:30 बजे तक संबंधित टीम के माध्यम से की जाएगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का भी ध्यान रखना होगा। कर्मचारियों को मास्क, हैंड ग्लब्ज के साथ अपना पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा।
इधर, नानपुर फाटा पर बनाए चैक पोस्ट का कलेक्टर, एसपी ने किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर सुरभि गुप्ता व एसपी विपुल श्रीवास्तव ने जिले की प्रवेश सीमा नानपुर फाटा स्थित बनाए गए चैक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उक्त मार्ग से आने-जाने वाले वाहनोंएवं व्यक्तियोंके संबंधित एकत्र की जा रही जानकारी के बारे में जाना। स्वास्थ्य टीम को भी जरूरी निर्देश दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2K8j78y
via IFTTT
