जिले में कोरोना आपदा के संकट से निपटने के लिए विभिन्न समाज, संगठनों द्वारा गरीबों तक भोजन, राशन पहुंचाने के लिए मदद की जा रही है। इसी श्रृंखला में दो सगे भाइयों ने अपना पूरा 25 बीघा के खेत में खड़ी गेहूं की फसल ही गुना कोरोना रिलीव फंड में दान कर दी। ताकि इस गेहूं से उन लोगों की मदद हो सके, जो बेहद जरूरतमंद हैं। कलेक्टर एस विश्वनाथन ने जिले के लोगों से अपील की थी, कि वह इस संकट में सहयोग के लिए आगे आएं। हालांकि अब तक बड़ी संख्या में विभिन्न समाज, संगठन और व्यक्तियों ने राशन, भोजन पैकेट आदि के इंतजाम किए हैं। उनके सहयोग से ही प्रशासन गरीब बस्ती में भोजन पहुंचा पा रहा है। अब बोहरा समाज के दो युवाओं ने बीजी रोड भुल्लनपुरा स्थित अपने खेत की पूरी फसल ही दान कर दी। कलेक्टर को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद उन्होंने डिप्टी कलेक्टर आरबी सिंडोसकर को खेत पर भेजा। उनकी मौजूदगी में फसल काटी गई। देर शाम तक 60 क्विंटल गेहूं निकाले जा चुके थे। उम्मीद है कि इतने ही गेहूं और निकलेंगे।
धर्मगुरु से मिली प्रेरणा : किसान रियाज जमा और उनके भाई मुस्तफा कमर जमा ने बताया कि शिया दाऊदी बोहरा जमात के धर्मगुरु आका मौला सैय्यदना सैफुद्दीन साहब ने अनुयायियों को निर्देश दिए हैं कि जितना संभव हो सके जनकल्याण नीतियों पर चलें, गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करें। इसी को देखते अपने पिता शेख मोहम्मद जमा की स्मृति में खेत की फसल दान दी है। ताकि इसका वितरण प्रशासन जनकल्याण में कर सकें। बता दें दोनों कृषक शहर के समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता नूरुलहसन नूर के भतीजे हैं। श्री नूर ने प्रशासन रिलीव फंड में गेहूं दान करने के लिए दोनों भाइयों को प्रेरित किया था। वहीं एसडीएम शिवानी गर्ग ने भी शहर के लोगों से इस संकट के समय से ज्यादा से ज्यादा गुना रिलीव फंड में सहयोग की अपील की थी।
रमजान माह में भी करेंगे दान : बोहरा समाज का कहना है कि पवित्र माह रमजान आने वाला है। इस माह में भी राशन आदि दान करने की योजना तैयार की गई है। ताकि गरीबों को ज्यादा से ज्यादा मदद पहुंच सके। इसके लिए समाज के सभी लोग मिलकर योजना बना रहे हैं।
बारदाना प्रशासन ने भेजा : कलेक्टर एस विश्वनाथन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह आगे आकर दान करें। अब तक जिले में बड़ी संख्या में लोगों को मदद पहुंचाई जा चुकी है। सीमा पार कर क्वारेंटाइन हुए लोगों को भी प्रशासन खाने-पीने का इंतजाम कर रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cnkYSW
via IFTTT
