
शहर में अनाज, हार्डवेयर व थोक अंडा कारोबारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उनके 7 परिजन व 2 पड़ोसी भी संक्रमित मिले हैं। रविवार रात को 9 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद कांट्रैक्ट हिस्ट्री में यह बात सामने आ रही है। अब इस बात का डर फैल रहा है कि कारोबारियों से सैकड़ों लोगों ने खरीदारी की है। बाजार खुल जाने से बिना सावधानी के खरीदी-बिक्री हो रही है। नियमों का पालन व ग्राहकों का रिकॉर्ड रखने की जरूरत नहीं समझी जा रही है। इससे मरीज के संक्रमण की हिस्ट्री मिलना मुश्किल होगा। संक्रमण बाद सैंपल नहीं ले पाएंगे। डॉक्टरों की माने तो बाजार में खरीदी-बिक्री व भीड़ के कारण संक्रमण फैला है। अब उनका पता लगा पाना कठिन है।
सौमित्र नगर निवासी गल्ला व्यापारी का भाई (50) व भतीजा (20) संक्रमित हो गए। डॉक्टरों ने घर से 4 अन्य लोगों के सैंपल लिए हैं। ब्राम्हणपुरी के हार्डवेयर व्यापारी की मां (64) व छोटा भाई (43) पॉजिटिव आ गए। पड़ोसी 15 वर्षीय किशोर भी संक्रमित निकला। उसका व्यापारी के घर आना जाना था। वह उनके बच्चों के साथ खेलता था। बावड़ी क्षेत्र के संक्रमित हार्डवेयर कारोबारी (55) लोगों के संपर्क में आ गए थे। इसके पहले एक अन्य हार्डवेयर कारोबारी की पत्नी भी पॉजिटिव रही थी। हार्डवेयर कारोबारियों से 500 से ज्यादा लोग सामान ले गए हैं। यह ग्रामीण अब गांव में संक्रमण फैलाएंगे। अंजुमन नगर व बावड़ी क्षेत्र के मृत थोक अंडा कारोबारी की पत्नी (50) व बेटा (24) भी संक्रमित निकले हैं। उनके रिश्तेदारों व संपर्क में रहने वाले लोगों के सैंपल लिए हैं।
राहत : रात 9 से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू
लॉकडाउन खत्म होने के बाद जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समूह की बैठक में रात के कर्फ्यू में 4 घंटे की राहत दी। अब रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने सीएमएचओ डॉ रजनी डाबर को वायरस से बचाव के लिए सामाजिक संगठनों से मिली राशि का उपयोग ऑक्सीजन थैरेपी के जरूरी उपकरणों व सरकारी अस्पतालों में करने के लिए कहा। बैठक में एसपी सुनील पांडेय, जिपं सीईओ डीएस रणदा, एसडीएम अभिषेक गेहलोत आदि थे।
हेल्थ बुलेटिन : 1 नया कंटेनमेंट बनाया
सीएमएचओ डॉ. रजनी डावर ने सोमवार को हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। रविवार रात को 15 पॉजिटिव मरीजों में खरगोन के 9 व सनावद के 6 शामिल है। जिले में कुल 155 कोरोना पॉजिटिव हैं। 104 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 40 मरीज स्थिर है। 49 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। अब 225 सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। 1 नया कंटेनमेंट सहित कुल 21 कंटेनमेंट एरिया हो गए हैं। पैथालॉजी ने 1 सैंपल रिजेक्ट कर दिया है।
सनावद : कोराेना मृतक के परिवार में 6 लोगों की आई पॉजिटिव रिपोर्ट
कोरोना संक्रमण की रविवार रात की रिपोर्ट में शहर के 6 लोग पॉजिटिव मिले हैं। पिछले दिनों एक मृत व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे इंदौर से लाकर सुपुर्दे खाक करने गए उसी के परिवार के 6 लोग संक्रमित हो गए। पीड़ितों में परिवार का 11 माह का बच्चा व 12 साल की बालिका भी शामिल है। लॉकडाउन के 53वें दिन भील मोहल्ले में 55 वर्षीय पुरुष के संक्रमण का पहला केस मिला था। 65वें दिन 28 मई को 54 वर्षीय ठेकेदार के संक्रमण की खबर आई। उसके 1 दिन पहले इंदौर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु होने पर सनावद में उनका अंतिम संस्कार हुआ था। उनके 6 परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें वाटर वर्क्स रोड से 12 साल की बालिका, 30 व 55 वर्षीय की 2 महिलाएं, वार्ड 5 के 11 माह के बालक, 22 वर्षीय युवक व तिलक गली के 55 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। सोमवार को स्वास्थ्य टीम ने मरीजों के संपर्क में आए लोगों व परिजनों का सर्वे किया। परिवार के अन्य सदस्यों को होम क्वारंटाइन किया। सभी को निजी कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया। सिविल अस्पताल प्रभारी हंसा पाटीदार ने बताया आइसोलेशन वार्ड में मरीजों के भोजन व पानी की व्यवस्था की गई। बड़वाह के टावरबैड़ी क्षेत्र में मिले पॉजीटिव मरीज के परिजन व आसपास के लोगों के सोमवार को स्वास्थ्य टीम ने कुल 15 सैंपल लिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Mn3Q4Z
via IFTTT